Stock market : डीआर चोकसी फिनसर्व के एमडी देवेन चोकसी ने कहा कि बाजार की एक जानी-मानी प्रक्रिया है जिसके तहत जहां भी मुनाफा हो रहा होता है वहां, मुनाफावसूली की जाती है। साथ ही जहां मुनाफा होने की उम्मीद होती है। वहां खरीदारी की जाती है। इस प्रक्रिया को सेक्टर रोटेशन कहते हैं। यह बिल्कुल सही प्रक्रिया है। इस प्रक्रिया को ट्रेडर खास कर मोमेंट ट्रेडर ज्यादा पसंद करते हैं। पिछले दिनों हमें सरकारी कंपनियों में मुनाफावसूली देखने के मिली। हमें महंगे हो चुके डिफेंस शेयरों में भी अच्छी मुनाफावसूली देखने को मिली है।
बीएफएसआई सेगमेंट में तेजी की उम्मीद
इस समय बीएफएसआई सेगमेंट खास करके इंश्योरेंस सेक्टर में पैसा आता दिख रहा है। इसके अलावा रिटेल फाइनेंस सेगमेंट में भी अच्छी खरीदारी हो रही है। इन कंपनियों का कारोबार भी ठीक चल रहा है। इनमें अच्छी ग्रोथ आई है। लेकिन स्टॉक्स की प्राइस में कई तिमाहियों में कोई बदलाव नहीं आया है। ऐसे में जो निवेशक या ट्रेडर रिस्क लेना चाहते हैं वे अब इन शेयरों की तरफ रुख कर रहे हैं। क्योंकि उनका मानना है कि लंबे ठहराव के बाद अब ये शेयर गति पकड़ सकते हैं। इनके वैल्युएशन काफी अच्छे और फंडामेंटल्स मजबूत हैं। निफ्टी में इन शेयरों का वेटेज काफी ज्यादा है जिसके चलते निफ्टी भी रिकॉर्ड ऊंचाई छू रहा है।
आईटी शेयरों में भीदेखने को मिला सेक्टर रोटेशन
आईटी शेयरों में भी इसी प्रक्रिया के तहत खरीदारी हुई है। जिसके चलते आईटी शेयरों में 15-20 फीसदी तक तेजी आई है। इस समय बाजार में मांग काफी अच्छी है। इसके साथ ही निवेश चाहता है कि उसके निचले स्तरों पर रिस्क फ्री या थोडे रिस्क में रिटर्न मिले।
बाजार में कोई दिक्कत नहीं
देवेन का कहना है कि आंकड़ों पर मत जाइए। ये मत देखिए कि लगातार इतने दिनों से तेजी है। रिटर्न में दिक्कत नहीं। अभी भी बाजार अच्छी स्थिति में है। बाजार में अच्छी भूख बनी हुई है यानी खरीदार खड़े हुए हैं,कोई दिक्कत नहीं है। इस समय अच्छी क्वालिटी के शेयरों पर नजर रखें ट्रेडर्स बीच-बीच में मुनाफावसूली करते रहें।
बैंकिग शेयरों में करें खरीदारी
देवेन का कहना है कि बैंक काफी समय से उपेक्षित हैं। ऐसे में बैंक शेयरों में खरीदारी करने का एक अच्छा मौका है। इकोनॉमी में ग्रोथ के साथ कर्ज की मांग बढ़ने की उम्मीद है। सितंबर में दरों में कटौती के बाद इस वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में बैंकिंग शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है। इकोनमी में अगले 5-10 साल में जोरदार तेजी उम्मीद है। इसका फायदा देश के बड़े बैंकों को सबसे ज्यादा मिलेगा। ऐसे में देवेन का मनना है कि जब बाजार बैंक शेयरों के उपेक्षित कर रहा हो तो उनमें खरीदारी करनी चाहिए और जब इन शयरों को वरीयता दे रहा हो तो इनमें मुनाफावसूली करनी चाहिए।
ऑटो में कमर्शियल व्हीकल ज्यादा अच्छा
ऑटो शेयरों पर बात करते हुए देवेन ने कहा कि वे इस सेक्टर पर काफी पॉजिटिव हैं। लांग टर्म में इस सेक्टर में अच्छी तेजी देखने को मिलेगी। रुरल इकोनॉमी में तेजी के साथ ट्रैक्टर और टू-व्हीलर में तेजी देखने को मिलेगी। ऑटो में कमर्शियल व्हीकल ज्यादा अच्छा लग रहा है। अगले तीन सालों में कमर्शियल व्हीकल में तेज ग्रोथ संभव है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।