Muthoot Finance Q2 results: मुथूट फाइनेंस ने आज 14 नवंबर को वित्त वर्ष 2025 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 26.3 फीसदी बढ़ गया है। तिमाही के दौरान कंपनी का मुनाफा पिछले वर्ष की समान अवधि के 991 करोड़ रुपये से बढ़कर 1251.1 करोड़ रुपये हो गया। इस बीच कंपनी के शेयरों में आज 1.53 फीसदी की तेजी आई है और यह स्टॉक BSE पर 1800 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। कंपनी का मार्केट कैप 72263 करोड़ रुपये है।
कैसे रहे Muthoot Finance के तिमाही नतीजे?
सितंबर तिमाही में नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) पिछले साल की समान तिमाही के ₹1858.4 करोड़ से 35.5 फीसदी बढ़कर ₹2518.1 करोड़ हो गई। जुलाई-सितंबर की अवधि के दौरान कंपनी का कुल रेवेन्यू बढ़कर ₹4117.4 करोड़ हो गया, जो पिछले वर्ष की इसी तिमाही में ₹3,059.67 करोड़ था। मुथूट फाइनेंस के बोर्ड ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी कंपनी मुथूट मनी में ₹500 करोड़ की अतिरिक्त इक्विटी निवेश को हरी झंडी दे दी है।
वित्त वर्ष 25 की पहली छमाही में नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी (NBFC) का शुद्ध लाभ 17.6 फीसदी बढ़कर ₹2,517 करोड़ हो गया, जो वित्त वर्ष 24 की पहली छमाही में ₹2140 करोड़ था। इस अवधि में रेवेन्यू में 33 फीसदी की वृद्धि हुई, जो पिछले वर्ष के ₹7,077.8 करोड़ के मुकाबले बढ़कर कुल ₹9,402.6 करोड़ रहा।