Multibagger Stocks: एबरेसिव्स और बेयरिंग्स इंडस्ट्री की दिग्गज कंपनी एसकेएफ इंडिया (SKF India) के शेयरों में आज मजबूत मार्केट सेंटिमेंट में भी बिकवाली का दबाव दिख रहा है। हालांकि लॉन्ग टर्म में इसने महज 71 हजार रुपये के निवेश पर करोड़पति बना दिया है। वहीं शॉर्ट टर्म में भी यह शानदार निवेश साबित हुआ है और पांच महीने में ही यह 40 फीसदी उछल गया था। अब आज की बात करें तो इसके शेयर बीएसई पर 1.28 फीसदी की गिरावट के साथ 5146 रुपये (SKF India Share Price) पर बंद हुए हैं। आगे की बात करें तो घरेलू ब्रोकरेज ने इसमें निवेश के लिए जो टारगेट प्राइस फिक्स किया है, उसके हिसाब से शेयरों की गिरावट को निवेश के सुनहरे मौके के तौर पर देखना चाहिए।
71 हजार के निवेश पर बना दिया करोड़पति
एसकेएफ इंडिया के शेयर 13 सितंबर 2002 को महज 36.35 रुपये में मिल रहे थे। अब यह 14057 फीसदी ऊपर 5146 रुपये पर है यानी कि 21 साल में एसकेएफ ने निवेशकों को 71 हजार रुपये के निवेश पर ही करोड़पति बना दिया। एसकेएफ ने शॉर्ट टर्म में भी अच्छा रिटर्न दिया है। 28 मार्च 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 3,961 रुपये पर था। इसके बाद पांच महीने में यह 40 फीसदी उछलकर पिछले महीने 1 अगस्त 2023 को 5,528.90 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया था। इस हाई लेवल से यह फिलहाल 7 फीसदी डाउनसाइड है।
SKF India में अब आगे क्या है रुझान
एसकेएफ इंडिया करीब 62 साल पुरानी कंपनी है। यह बेयरिंग्स, सील्स, लुब्रिकेशन सिस्टम्स और मेंटेनेंस से जुड़े अन्य प्रोडक्ट्स बनाती है। इसका करीब 52 फीसदी रेवेन्यू इंडस्ट्रियल सेगमेंट, 41 फीसदी ऑटो सेगमेंट से आता है और बाकी 7 फीसदी एक्सपोर्ट्स से आता है। आफ्टर मार्केट सेगमेंट की रेवेन्यू में 36 फीसदी हिस्सेदारी है। वित्त वर्ष 2020-23 में इसका कंसालिडेटेड रेवेन्यू 14.9 फीसदी की CAGR और नेट प्रॉफिट 22 फीसदी की सीएजीआर से बढ़ा। वित्त वर्ष 2023 में कंपनी को सालाना आधार पर 17.4 फीसदी अधिक 4304.9 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और इस दौरान 32.7 फीसदी अधिक 524.5 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हासिल हुआ।
अब आगे की बात करें तो घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के मुताबिक घरेलू बेयरिंग्स मार्केट में मजबूत डिमांड साइकिल का फायदा उठाने के लिए एसकेएफ काफी मजबूत स्थिति में है। इसकी वजह ये है कि कंपनी का फोकस हाई-ग्रोथ सेक्टर्स, नए प्रोडक्ट डेवलपमेंट्स और प्रोडक्ट्स के लोकलाइजेशन में बढ़ोतरी है। ऐसे में ब्रोकरेज का मानना है कि आने वाले समय में कंपनी ऑपरेशनल और फाइनेंशियल परफॉरमेंस में और सुधार दिखेगा। ब्रोकरेज के मुताबिक वित्त वर्ष 2023 से 2025 के बीच इसका रेवेन्यू 15 फीसदी और शुद्ध मुनाफा 22.8 फीसदी के सीएजीआर से बढ़ेगा। इन सब बातों को देखते हुए ब्रोकरेज ने इसकी खरीदारी की रेटिंग को बरकरार रखा है और 6400 रुपये का टारगेट प्राइस फिक्स किया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।