इस स्टॉक ब्रोकिंग कंपनी पर म्यूचुअल फंड्स लट्टू; HDFC, ICICI और कोटक ने लगाए बड़े दांव

फरवरी 2026 में म्यूचुअल फंड्स ने एक दिग्गज स्टॉक ब्रोकिंग कंपनी में जमकर खरीदारी की। HDFC, ICICI और कोटक जैसे बड़े फंड्स ने पहली बार इसमें निवेश किया। कंपनी के तेजी से बढ़ते क्लाइंट बेस और बिजनेस विस्तार पर निवेशकों की नजर है। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Mar 22, 2026 पर 7:28 PM
Story continues below Advertisement
एंजल वन का शेयर शुक्रवार को 0.96% की गिरावट के साथ 230.20 रुपये पर बंद हुए।

शेयर बाजार में फरवरी 2026 में म्यूचुअल फंड्स नेट खरीदार रहे। इस दौरान उन्होंने कुल मिलाकर 11,421.7 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इसी खरीदारी के बीच एक कैपिटल मार्केट कंपनी पर कई बड़े फंड हाउस की नजर पड़ी। यह कंपनी थी एंजल वन लिमिटेड। फरवरी के दौरान इस कंपनी में म्यूचुअल फंड होल्डिंग में करीब 14.86 प्रतिशत पॉइंट की बढ़ोतरी दर्ज हुई।

किन फंड्स ने लगाया पैसा

HDFC बैंकिंग एंड फाइनेंशियल सर्विसेज रेगुलर (ग्रोथ) फंड ने अपने एयूएम का लगभग 1.09 प्रतिशत एंजल वन में निवेश किया। इसके अलावा कोटक स्मॉल कैप रेगुलर (ग्रोथ) फंड ने करीब 0.44 प्रतिशत और ICICI प्रूडेंशियल बैलेंस्ड एडवांटेज ग्रोथ फंड ने लगभग 0.1 प्रतिशत एयूएम इस कंपनी में लगाया। खास बात यह है कि इन फंड्स के लिए यह निवेश नया था। यानी इन फंड्स ने पहली बार इस स्टॉक में एंट्री ली।


कैसा है कंपनी का बिजनेस

एंजल वन देश की बड़ी ब्रोकिंग कंपनियों में गिनी जाती है। फरवरी 2026 तक कंपनी के पास करीब 3.69 करोड़ ग्राहक थे। कंपनी शेयर, कमोडिटी और करेंसी ट्रेडिंग के साथ साथ आईपीओ और म्यूचुअल फंड निवेश जैसी सेवाएं देती है। इसके अलावा कंपनी मार्जिन ट्रेडिंग की सुविधा भी देती है और पर्सनल लोन, इंश्योरेंस जैसे फाइनेंशियल प्रोडक्ट्स का डिस्ट्रीब्यूशन भी करती है।

एसेट और ग्राहक तेजी से बढ़ रहे

दिसंबर 2025 तक एंजल वन के पास करीब 1.5 ट्रिलियन रुपये के एसेट्स अंडर कस्टडी थे। यह आंकड़ा तिमाही आधार पर 5.6 प्रतिशत बढ़ा। इसी दौरान कंपनी ने 17 लाख नए ग्राहक भी जोड़े। रिटेल इक्विटी टर्नओवर के आधार पर एंजल वन का मार्केट शेयर लगभग 20.4 प्रतिशत है। वहीं, डीमैट अकाउंट के मामले में कंपनी का हिस्सा करीब 16.5 प्रतिशत है।

नए बिजनेस सेगमेंट में भी तेजी

एंजल वन अब अपने नए बिजनेस सेगमेंट पर भी जोर दे रही है। अक्टूबर से दिसंबर तिमाही के दौरान क्रेडिट डिस्बर्समेंट 55.7 प्रतिशत बढ़कर 710 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। कंपनी के क्रेडिट बिजनेस में एक लाख से ज्यादा ग्राहक जुड़ चुके हैं।

एंजल वन म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूशन का काम भी करती है। कंपनी के प्लेटफॉर्म पर करीब 23 लाख यूनिक एसआईपी रजिस्टर हैं और कुल म्यूचुअल फंड ग्राहकों की संख्या लगभग 33 लाख है।

वेल्थ और एसेट मैनेजमेंट में विस्तार

एंजल वन का वेल्थ मैनेजमेंट बिजनेस भी तेजी से बढ़ रहा है। इस सेगमेंट का एयूएम 33.7 प्रतिशत बढ़कर 8,220 करोड़ रुपये हो गया। वहीं एसेट मैनेजमेंट बिजनेस का एयूएम 16.7 प्रतिशत बढ़कर 470 करोड़ रुपये पहुंच गया।

ट्रेडिंग एक्टिविटी में जबरदस्त उछाल

एंजल वन की ट्रेडिंग एक्टिविटी में भी बड़ी तेजी देखने को मिली है। फरवरी 2025 के मुकाबले फरवरी 2026 में औसत दैनिक टर्नओवर करीब 88 प्रतिशत बढ़ गया। यह आंकड़ा करीब 29 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर लगभग 55 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

इस बढ़ोतरी में सबसे बड़ा योगदान फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस सेगमेंट का रहा। यह कुल टर्नओवर का करीब 97 प्रतिशत हिस्सा देता है।

तिमाही नतीजे रहे मिले जुले

हालांकि एंजल वन के वित्तीय नतीजे मिले जुले रहे। तिमाही के दौरान कंपनी की आय 5.8 प्रतिशत बढ़कर 1,335 करोड़ रुपये हो गई। लेकिन मुनाफा 5 प्रतिशत घटकर 269 करोड़ रुपये रह गया।

फिर भी एक सकारात्मक संकेत यह है कि पिछले तीन तिमाहियों की गिरावट के बाद कंपनी की आय में दोबारा वृद्धि देखने को मिली है।

आगे क्या है चुनौती

ब्रोकिंग इंडस्ट्री में प्रतिस्पर्धा बहुत तेज है। ब्रोकरेज चार्ज में छोटा सा बदलाव भी कंपनियों की आय और मुनाफे पर असर डाल सकता है। इसके अलावा नियामकीय बदलाव का जोखिम भी बना रहता है।

इसी वजह से एंजल वन अपने कारोबार को डायवर्सिफाइड बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। मुमकिन है कि इसी भविष्य की संभावना को देखते हुए कई म्यूचुअल फंड्स ने हाल में इस स्टॉक में दिलचस्पी दिखाई हो।

एंजल वन के शेयरों का हाल

एंजल वन का शेयर शुक्रवार को 0.96% की गिरावट के साथ 230.20 रुपये पर बंद हुए। पिछले 6 महीने में इसने 2.40% का मामूली रिटर्न दिया है। वहीं, 1 साल में करीब 3% की मामूली गिरावट आई है। कंपनी का मार्केट कैप 2.09 हजार करोड़ रुपये है।

Agri Stocks: इन 4 स्टॉक्स पर रखें नजर, खेती में टेक इस्तेमाल बढ़ने का मिलेगा फायदा

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।