Agri Stocks: इन 4 स्टॉक्स पर रखें नजर, खेती में टेक इस्तेमाल बढ़ने का मिलेगा फायदा

Agri Stocks: भारत में खेती तेजी से टेक्नोलॉजी की ओर बढ़ रही है। एआई, ड्रोन और प्रिसिजन फार्मिंग जैसे टूल्स का असर अब कंपनियों के कारोबार में भी दिखने लगा है। ऐसे में कुछ एग्री टेक स्टॉक्स निवेशकों के लिए दिलचस्प मौके बन सकते हैं। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Mar 22, 2026 पर 2:44 PM
Story continues below Advertisement
Kaveri Seed Company हाइब्रिड बीजों के रिसर्च, उत्पादन और मार्केटिंग में एक्टिव है।

Agri Stocks: भारत में अब किसान खेती में तेजी से टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बढ़ रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन और प्रिसिजन फार्मिंग जैसे टूल्स धीरे-धीरे खेतों तक पहुंच रहे हैं। सरकार भी इस बदलाव को बढ़ावा दे रही है। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY) जैसी योजनाओं के जरिए इनोवेशन को सपोर्ट मिल रहा है। इसका मकसद साफ है- खेती को सिर्फ विस्तार नहीं, बल्कि ज्यादा कुशल और उत्पादक बनाना।

भारत में कृषि की सबसे बड़ी चुनौती लंबे समय से कम उत्पादकता रही है। पानी का इस्तेमाल अक्सर गैर-प्रभावी होता है, मशीनों का उपयोग हर जगह समान नहीं है और फसल उत्पादन अब भी काफी हद तक मानसून पर निर्भर करता है। एग्री-टेक इन समस्याओं को कम करने की कोशिश कर रहा है।

आइए उन चार कंपनियों के बारे में जानते हैं, जो अलग-अलग तरीकों से भारत के एग्री-टेक इकोसिस्टम का हिस्सा बन रही हैं। इसका असर इनके बिजनेस और शेयरों पर भी दिख सकता है।


UPL

UPL दुनिया की बड़ी एग्रो-इनपुट कंपनियों में शामिल है। यह एग्रो-केमिकल्स, स्पेशलिटी केमिकल्स और बीज कारोबार करती है। दिसंबर तिमाही में कंपनी ने मजबूत प्रदर्शन किया। तिमाही आय 12,269 करोड़ रुपये रही, जो सालाना आधार पर 12 प्रतिशत ज्यादा है। यह ग्रोथ मुख्य रूप से वॉल्यूम बढ़ने से आई।

यूरोप और लैटिन अमेरिका में कंपनी को मजबूत मांग मिली, जबकि भारत में बीज और क्रॉप प्रोटेक्शन बिजनेस ने स्थिर प्रदर्शन किया। तिमाही में नेट प्रॉफिट 490 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के 853 करोड़ रुपये से कम है, लेकिन पहले की कमजोर तिमाहियों के मुकाबले सुधार दिखाता है। ऑपरेटिंग मार्जिन भी बढ़कर करीब 18 प्रतिशत हो गया।

कंपनी अब एग्री-टेक आधारित मॉडल की ओर बढ़ रही है। इसके बीज कारोबार Advanta में 20 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है और बायोलॉजिकल प्रोडक्ट्स को भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। कंपनी Advanta के आईपीओ के जरिए वैल्यू अनलॉक करने की तैयारी में है और कर्ज भी धीरे-धीरे कम कर रही है।

PI Industries

PI Industries एग्रो-केमिकल सेक्टर की प्रमुख कंपनियों में से एक है। इसकी मजबूत मौजूदगी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार दोनों में है। कंपनी की गुजरात में आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग सुविधाएं और मजबूत रिसर्च क्षमता है। हालांकि दिसंबर तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन दबाव में रहा। Q3 FY26 में कंपनी की आय घटकर 1,376 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल इसी तिमाही के 1,901 करोड़ रुपये से कम है। कमजोर वैश्विक मांग और ग्राहकों की धीमी खरीद इसकी बड़ी वजह रही।

इसके बावजूद कंपनी ने लागत नियंत्रण और बेहतर प्रोडक्ट मिक्स के जरिए मुनाफे को कुछ हद तक संभाले रखा। तिमाही में नेट प्रॉफिट 373 करोड़ रुपये से घटकर 311 करोड़ रुपये रहा। कंपनी के फार्मा बिजनेस से आय में करीब 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी ने भी मुनाफे को सहारा दिया। एग्रो-केमिकल एक्सपोर्ट बिजनेस पर अभी भी वैश्विक डिस्टॉकिंग और कम फसल कीमतों का असर दिख रहा है।

लंबी अवधि में कंपनी तकनीक आधारित ग्रोथ पर ध्यान दे रही है। पांच नए मॉलिक्यूल पहले ही लॉन्च किए जा चुके हैं और कई और पाइपलाइन में हैं। कंपनी बायोलॉजिकल प्रोडक्ट्स और डिजिटल एग्रीकल्चर में भी निवेश बढ़ा रही है। FY27 में नई तकनीक और क्षमता विस्तार पर 500–600 करोड़ रुपये निवेश की योजना है। कंपनी कर्ज मुक्त है और मजबूत कैश पोजिशन रखती है।

Kaveri Seed Company

1976 में स्थापित Kaveri Seed Company हाइब्रिड बीजों के रिसर्च, उत्पादन और मार्केटिंग में एक्टिव है। दिसंबर तिमाही में कंपनी की आय में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली। Q3 FY26 में कंपनी की आय 210 करोड़ रुपये रही, जो सालाना आधार पर करीब 21 प्रतिशत ज्यादा है। हालांकि नेट प्रॉफिट 15 करोड़ रुपये से घटकर 13 करोड़ रुपये रह गया। क्योंकि लागत बढ़ने से मार्जिन पर दबाव आया।

बीज कारोबार की खासियत यह है कि इसकी आय काफी हद तक मौसम और फसल चक्र पर निर्भर करती है। इसलिए तिमाही नतीजों में उतार-चढ़ाव सामान्य है। हाल की तिमाही में मक्का, धान और सब्जियों के बीजों की मजबूत मांग से आय में बढ़ोतरी हुई। लेकिन बढ़ती उत्पादन लागत को पूरी तरह किसानों तक नहीं पहुंचा पाने से मुनाफे पर असर पड़ा।

कंपनी लगातार रिसर्च और डेवलपमेंट पर निवेश कर रही है। इसकी आरएंडडी खर्च आमतौर पर कुल आय का 5 से 10 प्रतिशत रहता है, जिससे नए हाइब्रिड बीजों की पाइपलाइन मजबूत रहती है। निर्यात बाजारों में भी कंपनी का विस्तार हो रहा है और हाल की तिमाही में विदेशी आय में तेज बढ़ोतरी देखी गई।

Jain Irrigation Systems

Jain Irrigation Systems माइक्रो इरिगेशन, पाइपिंग और कृषि से जुड़े कई सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है। दिसंबर तिमाही में कंपनी की आय सालाना आधार पर करीब 17 प्रतिशत बढ़कर 1,600 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गई। ग्रोथ का बड़ा हिस्सा माइक्रो इरिगेशन और टिशू कल्चर वाले हाई-टेक डिवीजन से आया।

कंपनी के रिटेल बिजनेस में लगभग 24 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जो एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। इससे कंपनी की सरकारी प्रोजेक्ट्स पर निर्भरता कम हो रही है और वर्किंग कैपिटल भी बेहतर हो रहा है। हालांकि तिमाही में कंपनी को 47 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जो मुख्य रूप से एकमुश्त खर्चे की वजह से था।

माइक्रो इरिगेशन और सोलर पंप जैसी तकनीकों की मांग बढ़ रही है। इससे पानी के बेहतर मैनेजमेंट में मदद मिलती है। कंपनी नए क्षेत्रों में भी निवेश कर रही है। इसका बेवरेज मैन्युफैक्चरिंग प्लांट शुरू हो चुका है और टमाटर प्रोसेसिंग जॉइंट वेंचर से FY27 से योगदान मिलने की उम्मीद है। कंपनी धीरे-धीरे अपने बैलेंस शीट को मजबूत करने की दिशा में भी काम कर रही है।

क्या निवेशकों को इन पर दांव लगाना चाहिए?

एग्री-टेक थीम लंबी अवधि में मजबूत दिखती है, क्योंकि खेती में उत्पादकता बढ़ाने की जरूरत लगातार बनी रहेगी और सरकार भी तकनीक आधारित समाधान को बढ़ावा दे रही है। हालांकि इन कंपनियों की स्थिति एक जैसी नहीं है। कुछ के फंडामेंटल मजबूत हैं, जबकि कुछ अभी सुधार के दौर में हैं।

इसलिए निवेशकों के लिए यह सेक्टर दिलचस्प जरूर है, लेकिन दांव लगाने से पहले कंपनी की कमाई की स्थिरता, मार्जिन और बैलेंस शीट पर ध्यान देना जरूरी है। थीम आकर्षक है, लेकिन असली फर्क कंपनियों के प्रदर्शन से ही तय होगा।

FPI Rule Violation: JP Morgan Chase ने SEBI के साथ मामला सुलझाया, सेटलमेंट फीस के तौर पर दिए ₹34.42 लाख

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।