Mutual Funds: म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के लिए वित्त वर्ष 2024 की शुरुआत अच्छी रही। जून तिमाही में ओपन-एंडेड म्यूचुअल फंड स्कीमों में करीब 1,84,789 करोड़ रुपये का निवेश आया, जो पिछले 4 सालों का सबसे अधिक आंकड़ा है। ओपन-एंडेड फंड, उन म्यूचुअल फंड स्कीमों को कहते हैं, जिनमें किसी भी समय और खरीदने और बेचने की छूट होती है। यानी आप किसी भी समय ओपन एंडेड फंड योजनाओं की यूनिटें खरीद/बेच सकते हैं। ओपन एंडेड फंड में कोई मैच्योरिटी अवधि नहीं होती है।
मॉर्निंगस्टार इंडिया की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, जून तिमाही के दौरान ओपन-एंडेड स्कीमों ने मजबूत नोट पर शुरुआत किया। अप्रैल में इन स्कीमों में 1,23,613 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया, जो मई में घटकर 59,879 करोड़ रुपये हो गया। वहीं जून में यह 1,295 रुपये के निराशाजनक आंकड़े के साथ समाप्त हुए।
इस बीच इंडस्ट्री का एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) जून तिमाही में बढ़कर 44.13 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछली तिमाही के मुकाबले 13 फीसदी अधिक है।
रिपोर्ट के अनुसार, पिछली नौ तिमाहियों में इक्विटी स्कीमों में शुद्ध निवेश का आना जा रही, हालांकि पिछली कुछ तिमाहियों से इसकी रफ्तार में कमी आई है। जून तिमाही में शुद्ध फ्लो काफी कम होकर 18,358 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछली तिमाही में यह 48,766 करोड़ रुपये था।
जून तक इक्विटी फंडों का कुल एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) 17.44 लाख करोड़ रुपये था, जो पिछली तिमाही से 15 प्रतिशत अधिक है। कुल ओपन-एंडेड फंड में इक्विटी फंड का हिस्सा लगभग 40 प्रतिशत है। दूसरी ओर, पिछली कुछ तिमाहियों में फिक्स्ड आय वाले फंड्स में शुद्ध फ्लो काफी निराशाजनक रहा है। लेकिन FY24 की पहली तिमाही में 1.39 लाख करोड़ रुपये का शुद्ध फ्लो देखा गया, जो इस एसेट्स क्लास में किसी एक तिमाही में आया दूसरा सबसे बड़ा निवेश है।