Mutual Fund News: पिछले महीने अगस्त में इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में निवेश फिर से बढ़ा। इससे पहले जुलाई में इसमें निवेश कम हुआ था। वहीं दूसरी तरफ डेट म्यूचुअल फंड्स में जुलाई के भारी निवेश के बाद अगस्त में ताबड़तोड़ पैसा निकाला गया। यह खुलासा म्यूचुअल फंड्स की बॉडी AMFI (एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया) के जारी आंकड़ों से हुआ है। एएमएफआई के आंकड़ों से अगस्त में इक्विटी से जुड़े स्कीमों में कुल ₹29,328.62 करोड़ का नेट निवेश आया जोकि जुलाई के ₹24,697.39 करोड़ के निवेश की तुलना में लगभग 19% अधिक है। जुलाई में मासिक आधार पर करीब 15% की गिरावट आई थी और अब अगस्त में यह जून के लेवल के भी ऊपर पहुंच गया। जून महीने में इसमें ₹28,973 करोड़ का निवेश आया था। इक्विटी स्कीमों का AUM (एसेट्स अंडर मैनेजमेंट) मासिक आधार पर 2.2% बढ़कर अगस्त में ₹39.21 लाख करोड़ पर पहुंच गया।
डेट फंड्स में बड़ा उलटफेर
पिछले महीने अगस्त में इक्विटी म्यूचुअल फंडों में ताबड़तोड़ निवेश हुआ लेकिन डेट म्यूचुअल फंड्स में स्थिति एकदम अलग रही। अगस्त में डेट फंड्स से ₹8,127.32 करोड़ का नेट आउटफ्लो हुआ जबकि जुलाई में इसमें ₹1,87,511.32 करोड़ का भारी नेट निवेश आया था। जुलाई में डेट फंड्स में अधिक निवेश की एक वजह लिक्विडिटी-ओरिएंटेड कैटेगरीज में अधिक एलोकेशन थी। हालांकि इसके बावजूद डेट एयूएम बड़े पैमाने पर करीब ₹19.33 लाख करोड़ पर बना रहा।
Gold ETF समेत बाकी कैटेगरीज की क्या रही स्थिति
हाइब्रिड स्कीमों में पिछले महीने भी निकासी से अधिक निवेश जारी रहा लेकिन इसकी रफ्तार सुस्त पड़ी। जुलाई में ₹11,490.56 करोड़ की तुलना में अगस्त महीने में इन स्कीमों में नेट इनफ्लो करीब 13% गिरकर ₹10,045.34 करोड़ पर आ गया।
गोल्ड ईटीएफ की बात करें तो इसमें निवेश जोरदार स्पीड से बढ़ा और जुलाई में ₹1,558.75 करोड़ से करीब 67% बढ़कर अगस्त में ₹2,596.70 करोड़ पर पहुंच गया। यह इसलिए भी अहम है क्योंकि जुलाई में इसमें निवेश जून की तुलना में आधे से भी ज्यादा घट गया था।
AMFI ने इस बार और विस्तार से आंकड़ा पेश किया है क्योंकि इस बार म्यूचुअल फंड कैटेगरीज को पेश करने के तरीके में बदलाव हुआ है। पहले अदर स्कीम नाम की एक कैटेगरी के तहत जुलाई में ₹12,517 करोड़ का नेट निवेश दिखाया गया था लेकिन इस बार अगस्त में इसके तहत आने वाले कैटेगरीज को अलग-अलग दिखाया गया है। इसमें ईटीएफ में अगस्त में ₹10,160.87 करोड़, इंडेक्स फंड्स में ₹787.49 करोड़ और लाइफ साइकल फंड्स में ₹7.87 करोड़ का नेट इनफ्लो हुआ तो ओवरसीज फंड्स से ₹72.19 करोड़ की नेट निकासी हुई।
सॉल्यूशन-ओरिएंटेड स्कीमों में पिछले महीने अगस्त में ₹335.40 करोड़ का निवेश आया, जो जुलाई के ₹378.77 करोड़ से कम है।
क्लोज-एंडेड और इंटरवल स्कीमों से अगस्त में ₹1,098.03 करोड़ की निकासी हुई और इसकी रफ्तार बढ़ी है क्योंकि जुलाई में निकासी का यह आंकड़ा ₹680.72 करोड़ था।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।