29 सितंबर का दिन केमिकल कंपनी नवीन फ्लोरीन इंटरनेशनल लिमिटेड (Navin Fluorine) के लिए बहुत खराब साबित हुआ। शुक्रवार को कंपनी का शेयर 17 प्रतिशत तक गिर गया। इसकी अहम वजह रही Navin Fluorine के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) राधेश आर वेलिंग का इस्तीफा। यह पिछले दो माह में कंपनी से गया दूसरा टॉप लेवल एग्जीक्यूटिव है। एमडी के जाने से सेंटिमेंट बिगड़ा और निवेशकों का कंपनी में भरोसा घट गया। शुक्रवार सुबह Navin Fluorine का शेयर BSE पर 8 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट के साथ 4030 रुपये पर खुला। जल्द ही यह पिछले बंद भाव से 17 प्रतिशत की गिरावट दर्शाता हुआ 52 सप्ताह के निचले स्तर 3729 रुपये पर आ गया। 28 सितंबर को शेयर 4361.75 रुपये पर बंद हुआ था।
