Netweb Tech में ब्लॉक डील, बिक गए ₹682 करोड़ के शेयर; कीमत 4% गिरने के बाद चढ़ी

Netweb Tech Share Price: कंपनी में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 71 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। दिसंबर 2025 तिमाही में नेटवेब टेक्नोलोजिज इंडिया का स्टैंडअलोन बेसिस पर शुद्ध मुनाफा दोगुने से अधिक बढ़कर 73.31 करोड़ रुपये रहा

अपडेटेड Feb 12, 2026 पर 4:02 PM
Story continues below Advertisement
Netweb Technologies India जुलाई 2023 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी।

गुरुवार, 12 फरवरी को एक ब्लॉक डील में नेटवेब टेक्नोलोजिज इंडिया लिमिटेड के 23.32 लाख शेयरों की बिक्री हुई। ये शेयर कंपनी की 3.93 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर हैं। डील की कुल वैल्यू 682.3 करोड़ रुपये रही। 10 फरवरी को CNBC-TV18 की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया था कि नेटवेब टेक्नोलोजिज इंडिया लिमिटेड के प्रमोटर ब्लॉक डील के जरिए फर्म में 3 प्रतिशत तक हिस्सेदारी बेचने वाले हैं। खबर थी कि शेयर बिक्री करने वाले प्रमोटर्स में संजय लोढ़ा, नवीन लोढ़ा, नीरज लोढ़ा और विवेक लोढ़ा शामिल हैं।

सूत्रों ने ऑफर का साइज 514.5 करोड़ रुपये रहने की संभावना जताई थी। दिसंबर 2025 तिमाही के आखिर में प्रमोटर संजय लोढ़ा और नवीन लोढ़ा के पास कंपनी में 71% और 28.3% हिस्सेदारी थी। इस बीच नीरज लोढ़ा और विवेक लोढ़ा, दोनों के पास 14.15% हिस्सेदारी थी।

Netweb Technologies के शेयर में गिरावट


12 फरवरी को कंपनी के शेयर में शुरुआती कारोबार में 4.4 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी। BSE पर शेयर 3014.10 रुपये के लो तक गया। लेकिन बाद में यह संभला और 1.6 प्रतिशत बढ़त के साथ 3204.75 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 18200 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। कंपनी में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 71 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर एक साल में निवेशकों का पैसा लगभग डबल कर चुका है।

नेटवेब टेक्नोलोजिज इंडिया जुलाई 2023 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका 631 करोड़ रुपये का IPO 90.55 गुना भरा था। दिसंबर 2025 में ICICI Securities ने कंपनी के शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग के साथ 4110 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया था।

कंपनी की वित्तीय सेहत

दिसंबर 2025 तिमाही में नेटवेब टेक्नोलोजिज इंडिया का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू सालाना आधार पर 140 प्रतिशत बढ़कर 804.93 करोड़ रुपये हो गया। EBITDA बढ़कर 97.5 करोड़ रुपये हो गया, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 44 करोड़ रुपये था। शुद्ध मुनाफा दोगुने से अधिक बढ़कर 73.31 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2025 के दौरान कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 1149.02 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 114.48 करोड़ रुपये रहा था।

Dividend Stocks: इन 24 शेयरों में डिविडेंड पाने का आज आखिरी मौका, मझगांव डॉक से लेकर हिंदुस्तान कॉपर तक शामिल

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।