NFP Sampoorna Foods IPO Listing: काजू-बादाम की बिक्री करने वाली एनएफपी संपूर्ण फूड्स के शेयरों की आज NSE SME पर फीकी एंट्री हुई हैं। इसके आईपीओ को भी सुस्त रिस्पांस मिला था जोकि ओवरऑल डेढ़ गुना से अधिक भरा था लेकिन NII का हिस्सा आधा भी नहीं भर पाया था। इस आईपीओ के तहत ₹55 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी ₹54.50 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला बल्कि 0.91% पूंजी ही घट गई। आईपीओ निवेशकों को और झटका तब लगा, जब शेयर टूट गए। टूटकर यह ₹52.00 (NFP Sampoorna Foods Share Price) पर आ गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 5.45% घाटे में हैं।
NFP Sampoorna Foods IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
एनएफपी संपूर्ण फूड्स का ₹25 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 18-20 मई तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला और हर कैटेगरी के लिए आरक्षित हिस्सा पूरा नहीं भर पाया। ओवरऑल यह 1.57 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 1.00 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 0.34 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 2.80 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 44.60 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹7.25 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों, ₹9.50 करोड़ कर्ज हल्का करने और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
NFP Sampoorna Foods के बारे में
वर्ष 2019 में बनी एनएफपी संपूर्ण फूड्स प्रीमियम ड्राई फ्रूट्स के बिजनेस में है। कंपनी मुख्य रूप से अफ्रीका से कच्चे काजू का आयात करती है। यह कई ग्रेड्स के काजू के साथ-साथ सादा और भुने हुए बादाम और मखाना की बिक्री करती है। इसके प्रोडक्ट्स की बिक्री ऑफलाइन के साथ-साथ एमेजॉन, फ्लिपकार्ट और इसकी ऑफिशियल वेबसाइट जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए होती है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹41 लाख का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में फिसलकर ₹15 लाख पर आ गया जिससे यह रिकवर होकर तेजी से वित्त वर्ष 2025 में ₹2.67 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम में भी उठा-पटक दिखी और वित्त वर्ष 2023 में यह ₹16.75 करोड़ और वित्त वर्ष 2024 में ₹6.00 करोड़ से वित्त वर्ष 2025 में ₹35.76 करोड़ पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो अप्रैल-नवंबर 2025 में कंपनी को ₹3.49 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹36.96 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हुआ था। नवंबर 2025 के आखिरी में कंपनी पर ₹24.94 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹7.53 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।