Nifty 50: निफ्टी 50 बुधवार यानी 15 अप्रैल को फिर से 24,000 का मनोवैज्ञानिक स्तर पार कर लेगा। इसकी वजह अमेरिका-ईरान के बीच दोबारा बातचीत शुरू होने की उम्मीद है। इससे 14 अप्रैल को शेयर बाजारों में तेजी देखने को मिली। हालांकि, भारतीय शेयर बाजार अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में 14 अप्रैल को बंद हैं। बीएसई और एनएसई 15 अप्रैल को खुलेंगे।
एशियाई बाजारों में 14 अप्रैल को तेजी
इस बीच, Gifty Nifty में मंगलवार यानी 14 अप्रैल को तेजी आई। यह करीब 1 फीसदी ऊपर चल रहा था। इसका मतलब है कि 15 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक Nifty 50 और Sensex मजबूत खुलेंगे। उधर, 13 अप्रैल को अमेरिकी बाजार अच्छी तेजी के साथ बंद हुए। इसका असर 14 अप्रैल को एशियाई शेयर बाजारों पर पड़ा। जापान और दक्षिण कोरिया सहित ज्यादातर बाजारों में तेजी दिखी।
शॉर्ट टर्म में निफ्टी 24,300 तक जा सकता है
एसबीआई सिक्योरिटीज में टेक्निकल एंड डेरिवेटिव्स रिसर्च के हेड सुदीप शाह ने कहा कि निफ्टी को 23,950-23,980 पर रेसिस्टेंस का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा, "23,980 पार करने के बाद निफ्टी पहले 24,100 की तरफ बढ़ेगा। उसके बाद शॉर्ट टर्म में यह 24,230 की तरफ बढ़ेगा। गिरावट की स्थिति में इसे 23,700-23,650 पर सपोर्ट मिलेगा।" 13 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजारों में करीब 1 फीसदी की गिरावट आई। अमेरिका-ईरान की बातचीत बेनतीजा रहने का असर शेयर बाजारों पर पड़ा।
यूएस-ईरान में दोबारा बातचीत की उम्मीद से बाजारों में तेजी
अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत दोबारा शुरू होने की उम्मीद से शेयर बाजारों में तेजी दिखी। ब्रेंट क्रूड भी फिर से 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया। क्रूड हाई लेवल पर बने रहने से इनफ्लेशन बढ़ने का खतरा है। 14 अप्रैल को एशियाई बाजारों में तेजी दिखी। जापान का निक्केई और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 2-2 फीसदी से ऊपर चल रहे थे। 13 अप्रैल को अमेरिकी शेयर बाजारों में तेजी का असर भी 14 अप्रैल को एशियाई बाजारों पर दिखा।
पिछले हफ्ते की बातचीत बेनतीजा रही थी
खबरों के मुताबिक, अमेरिका और ईरान दोनों ही पक्ष दोबारा बातचीत शुरू कर सकते हैं। मध्यपूर्व में यह लड़ाई 28 फरवरी को शुरू हुई थी। लड़ाई एक महीने से ज्यादा समय तक जारी रहने के बाद दोनों पक्षों ने दो हफ्तों के संघर्षविराम का ऐलान किया है। इसकी डेडलाइन खत्म होने से पहले दोनों पक्षों के बीच स्थायी सीजफायर का समझौता हो जाने की उम्मीद है। पिछले हफ्ते के आखिर में पाकिस्तान के इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधियों के बीच हुई बातचीत बेनतीजा रही थी। अब दोनों पक्षों के बीच 16 अप्रैल को फिर से बातचीत हो सकती है।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।