Credit Cards

Nifty@20000 : निफ्टी ने रचा इतिहास, पहली बार 20,000 अंक पर पहुंचा, इन 5 वजहों से निफ्टी ने बनाया रिकॉर्ड

जुलाई में निफ्टी ने अपना ऑल टाइम हाई बनाया था। उसके बाद उसमें करेक्शन दिखा था। किसी ने नहीं सोचा था कि निफ्टी 50 इतनी जल्द अपना नया ऑल-टाइम हाई बना देगा। यह इंडियन मार्केट को लेकर इनवेस्टर्स के भरोसे का सबूत है

अपडेटेड Sep 11, 2023 पर 5:02 PM
Story continues below Advertisement
पिछले हफ्ते निफ्टी 50 और BSE SENSEX में शानदार तेजी देखने को मिली थी। दोनों ही सूचकांक 2-2 फीसदी से ज्यादा चढ़े थे।

Nifty@20000 : NSE के निफ्टी50 ने 11 सितंबर को इतिहास रच दिया। पहली पार यह 20,000 पर पहुंच गया। जुलाई में निफ्टी ने अपना ऑल टाइम हाई बनाया था। उसके बाद उसमें करेक्शन दिखा था। किसी ने नहीं सोचा था कि निफ्टी 50 इतनी जल्द अपना नया ऑल-टाइम हाई बना देगा। यह इंडियन मार्केट को लेकर इनवेस्टर्स के भरोसे का सबूत है। निफ्टी और सेंसेक्स पर विदेशी बाजारों से आने वाले कमजोर संकेतों का असर नहीं पड़ा है। पिछले हफ्ते निफ्टी 50 और BSE Sensex में शानदार तेजी देखने को मिली थी। दोनों ही सूचकांक 2-2 फीसदी से ज्यादा चढ़े थे। इसमें घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी का बड़ा हाथ रहा।

इस साल मार्च के अंत से घरेलू शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला शुरू हुआ था। तब से निफ्टी 17 फीसदी चढ़ चुका है। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में लार्जकैप स्टॉक्स के मुकाबले ज्यादा तेजी आई है। मिडकैप सूचकांक करीब 41 फीसदी चढ़ा है, जबकि स्मॉलकै सूचकांक में 47 फीसदी तेजी आई है। बाजार में आई तेजी में घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी का बड़ा हाथ रहा। उन्होंने इस दौरान 33,397 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं।

निफ्टी ने 19,991 के अपने ऑल-टाइम हाई के रिकॉर्ड को कुल 37 सत्रों के बाद तोड़ा है। इस साल 20 जुलाई को निफ्टी ने 19,991 का अपना ऑल-टाइम हाई बनाया था। पिछला हफ्ता घरेलू शेयर बाजार के लिए बहुत अच्छा रहा था। 11 सितंबर को घरेलू बाजार में लगातार 7वें सत्र तेजी दर्ज की गई। इस तेजी ने निफ्टी को अपने पिछले हाई को तोड़ने में मदद की। एक्सपर्ट्स का मानना था कि बाजार में तेजी का सिलसिला जारी रहेगा। लेकिन, जिस तरह से अगस्त में बाजार में गिरावट देखने को मिली थी, उससे लगता था कि निफ्टी को नया ऑल-टाइम हाई बनाने के लिए काफी इंतजार करना पड़ेगा।


एक्सपर्ट्स का मानना है कि निफ्टी के ऑलटाइम हाई पर पहुंचने की निम्नलिखित वजहें रहीं:

दिग्गज शेयरों में खरीदारी

पिछले कुछ सत्रों में कई दिग्गज शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली है। इससे बाजार को सपोर्ट मिला है। 11 सितंबर को रिलायंस इंडस्ट्रीज और बैंकिंग शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली। अदानी पोर्ट्स में करीब 7 फीसदी की तेजी आई। यह निफ्टी 50 का सबसे ज्यादा तेजी वाला स्टॉक रहा। बताया जाता है कि कंपनी में प्रमोटर ने अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। इसका असर सोमवार यानी 11 सितंबर को इसके शेयरों पर देखने को मिला।

रिटेल और घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी

घरेलू शेयर बाजार को रिटेल और डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स का अच्छा सपोर्ट मिला है। विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली के बीच उन्होंने न सिर्फ बाजार को अपनी खरीदारी से सहारा दिया बल्कि नई ऊंचाइ पर भी पहुंचाया है। 8 सितंबर को घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1100 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की खरीदारी की थी।

G20 समिट का असर

जानकारों का कहना है कि इंडिया ने जी20 के शिखर सम्मेलन का सफल आयोजन कर दुनिया को अपनी क्षमता दिखा दी है। इसने न सिर्फ 19 देशों के प्रतिनिधियों को दुनिया की सबसे बड़ी चुनौतियों से रूबरू कराया बल्कि उन्हें संयुक्त घोषणापत्र पर हस्ताक्षर करने के लिए भी मना लिया। इससे पता चलता है कि आने वाले सालों में वैश्विक मंच पर इंडिया की भूमिका बढ़ने जा रही है। इस तथ्य से दुनियाभर के निवेशकों का भरोसा भारत पर बढ़ा है।

चीन की इकोनॉमी की खराब सेहत

चीन की इकोनॉमी बुरे दौर से गुजर रही है। वहां के स्टॉक मार्केट में बड़ी गिरावट आई है। घरेलू बाजार में मांग बहुत कमजोर है। इस वजह से वहां इनफ्लेशन बढ़ने की बजाय घट रहा है। माना जा रहा है कि अगर सरकार ने जल्द राहत पैकेज का ऐलान नहीं किया तो इकोनॉमी बड़े संकट में फंस सकती है। चीन के रियल एस्टेट में बड़ा क्राइसिस दिख रहा है। कुछ बड़ी कंपनियों पर डिफॉल्ट का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में दुनियाभर के निवेशकों के लिए इंडिया निवेश के लिए बेहतरीन जगह दिख रहा है।

GDP ग्रोथ के आंकड़े

पिछले महीने की आखिरी तारीख को सरकार ने पहली तिमाही के जीडीपी के आंकड़े जारी किए। अप्रैल-जून तिमाही में इंडियन इकोनॉमी की ग्रोथ 7.8 फीसदी रही। यह दूसरे देशों की ग्रोथ के मुकाबले बहुत ज्यादा है। इससे घरेलू और विदेशी निवेशकों का भरोसा भारत पर बढ़ा है। जब अमेरिका और यूरोप जैसी बड़ी इकोनॉमीज बहुत सुस्त रफ्तार से बढ़ रही हैं तब इंडिया बहुत तेजी से ग्रोथ कर रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।