शेयर बाजार 12 मार्च को बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। अमेरिका-इजरायल और ईरान की लड़ाई का असर बाजार पर पड़ रहा है। खासकर क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल बाजार की चिंता बढ़ा रही है। कारोबार खत्म होने पर सेसेंक्स 829.29 अंक यानी 1.08 फीसदी गिरकर 76,034.42 प्वांट्स पर बंद हुआ। एक समय 992 प्वाइंट्स तक गिर गया था। निफ्टी 0.95 फीसदी यानी 227 प्वाइंट्स गिरकर 23,639 पर क्लोज हुआ।
मार्केट पार्टिसिपेंट्स बाजार की चाल समझ नहीं पा रहे
मार्च के कुल 8 कारोबारी सत्रों में छह में निफ्टी गिरकर बंद हुआ। इस दौरान यह करीब 8 फीसदी गिरा है। मार्केट पार्टिसिपेंट्स को बाजार की दिशा समझ में नहीं आ रही। रेलीगेयर ब्रोकिंग के एसवीपी (रिसर्च) अजीत मिश्रा ने कहा कि निफ्टी अपने 23,700 के पिछले स्विंग लो को तोड़ दिया है। लेकिन, यह 23,500 के सपोर्ट लेवल के करीब बना हुआ है।
पोजीशन साइज को नियंत्रण में रखने की सलाह
उन्होंने कहा, "अगर निफ्टी सपोर्ट लेवल से नीचे जाता है तो अगले चरण की गिरावट में यह 23,300-23,200 तक जा सकता है। तेजी की स्थिति में इसे 24,000-24,300 पर कड़े रेसिस्टेंस का सामना करना पड़ेगा।" उन्होंने कहा कि मार्केट के निगेटिव ट्रेंड के हिसाब से पार्टिसिपेंट्स को अपने इंडेक्स पोजीशंस को बदलने की जरूरत पड़ सकती है। साथ ही पोजीशन के साइज को भी नियंत्रण में रखना होगा।
सिर्फ फार्मा और एनर्जी सेक्टर्स में दिख रहा दम
उन्होंने कहा कि कुछ खास शेयरों में दोनों ही दिशाओं में मौके बने रहेंगे। फार्मा और एनर्जी सेक्टर्स में मजबूती बनी हुई है। लेकिन, बाकी सेक्टर को दबाव का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेंडर्स को बैलेंस्ड एप्रोच बनाए रखना होगा। लॉन्ग और शॉर्ट दोनों साइड में मौके तलाशने होंगे।
सपोर्ट और रेसिस्टेंस लेवल पर नजर रखनी होगी
एसबीआई सिक्योरिटीज में टेक्निकल एंड डेरिवेटिव रिसर्च के हेड सुदीप शाह ने कहा कि निफ्टी के लिए 23,550 से 23,500 की रेंज सपोर्ट जोन का काम करेगा। 23,500 के नीचे जाने पर निफ्टी 23,350 की तरफ बढ़ेगा। तेजी की स्थिति में 23,800-23,850 पर रेसिस्टेंस का सामना करना पड़ेगा। अगर निफ्टी 23,850 को निर्णायक रूप से तोड़ देता है तो पुलबैक रेली में यह 23,970-24,000 की तरफ बढ़ सकता है।
इन शेयरों में 12 मार्च को सबसे ज्यादा गिरावट
12 मार्च को टीवीएस मोटर कंपनी 4.95 फीसदी गिरकर 3,422 रुपये पर बंद हुआ। Varun Bevrages में 4.68 फीसदी की गिरावट दिखी। महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 4.32 फीसदी गिरकर 3,031 रुपये पर बंद हुए। आयशर मोटर्स में 3.83 फीसदी की गिरावट आई। मारुति सुजुकी 3.60 फीसदी गिर गया।