Nifty Outlook: अप्रैल से मई में लगातार तीन बार फेल, अब इस काम में निफ्टी पास

Nifty Outlook: लगातार तीन कारोबारी दिनों में 3% से अधिक की बढ़त के साथ निफ्टी ने वह हासिल कर लिया जिसे लेकर इससे पहले यह अप्रैल में एक बार और मई के मध्य में दो बार यानी लगातार तीन बार फेल हुआ था। ऐसे में मार्केट एक्सपर्ट्स काफी उत्साहित हो उठे हैं। जानिए निफ्टी ने आखिर हासिल क्या किया है और आगे इसकी चाल कैसी रह सकती है

अपडेटेड Jun 17, 2026 पर 8:41 AM
अब जब Nifty ने 50-DMA का ब्रेकआउट कर दिया है, तब बाजार की नजर 100-DMA पर है, जो अभी 24,250 के ऊपर है।

Nifty Outlook: एक बार अप्रैल और दो बार मई के मध्य में लगातार तीन बार फेल होने के बाद आखिरकार इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 50-दिनों के मूविंग एवरेज (DMA) के ऊपर बंद होने में सफल रहा। इससे बाजार में नई मजबूती का संकेत मिल रहा है। निफ्टी 50 मंगलवार को 23,989.15 के एक महीने के हाई लेवल पर बंद हुआ और पिछले तीन कारोबारी दिनों में इसमें 830 प्वाइंट्स यानी 3.5% की तेजी आई। जियो-पॉलिटिकल टेंशन में नरमी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से इसे सपोर्ट मिला है। टेक्निकल इंडिकेटर्स के अलावा मैक्रोइकनॉमिक और मार्केट इंडिकेटर्स से भी इसे सपोर्ट मिल रहा है। बाजार में वोलैटिलिटी की संभावना को मापने वाला इंडिया VIX लगातार चौथे दिन गिरकर 13.36 तक आ चुका है जो पांच महीने का निचला स्तर है। फरवरी में यह 27.89 के रिकॉर्ड हाई पर था।

अब किस लेवल पर नजर

अब जब निफ्टी ने 50-DMA का ब्रेकआउट कर दिया है, तब बाजार की नजर 100-DMA पर है, जो अभी 24,250 के ऊपर है। मार्केट एनालिस्ट्स के मुताबिक यह बाजार की मौजूदा तेजी के लिए अगली बड़ी परीक्षा होगी। यह लेवल जनवरी से मार्च के दौरान हुई गिरावट के मिड-प्वाइंट के भी करीब है, जिससे यह एक महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस जोन बन जा रहा है। अगर निफ्टी 24,250 के ऊपर मजबूत तेजी वाली कैंडल या गैप-अप ओपनिंग के साथ टिकने वाली तेजी दिखाता है, तो यह 24,700-24,800 तक रैली का रास्ता खोल सकता है। निफ्टी की लॉन-टर्म डायरेक्टशन तय करने के लिए यह जोन काफी अहम माना जा रहा है।


वहीं नीचे की तरफ 23,850 और 23,800 का अहम सपोर्ट लेवल है। एनालिस्ट्स के मुताबिक अगर 23,800 का लेवल टूटता है, तो मौजूदा तेजी कमजोर पड़ सकती है और फिर इसे 23,700-23,650 जोन में सपोर्ट देखना होगा। फिलहाल निफ्टी के लिए नियर टर्म में टारगेट ऊपर की तरफ 24,200 से 24,450 के बीच है। एनालिस्ट्स को बड़ी गिरावट के बजाय कंसोलिडेशन की उम्मीद है, लेकिन उनका मानना ​​है कि किसी भी गिरावट में खरीदारी का मौका मिल सकता है। हालांकि निफ्टी के 23,000 के लेवल से लगभग 1,000 पॉइंट ऊपर जाने के बाद आने वाले समय में बढ़त की रफ्तार धीमी हो सकती है।

क्या कहना है एक्सपर्ट्स का

द वेल्थ कंपनी के मैनेजिंग पार्टनर और हेड ऑफ मार्केट्स स्ट्रेटेजी अक्षय चिंचलकर के मुताबिक इस बार जो ब्रेकआउट हुआ है, वह पहले की कोशिशों से अलग है क्योंकि इसमें दो अहम तकनीकी संकेत दिखाई दे रहे हैं। पहला ये कि 50-DMA अब ऊपर की तरफ झुकना शुरू हो गया है, जो मोमेंटम में सुधार का संकेत देता है और दूसरा ये कि ब्रेकआउट के बाद “फॉलिंग वेज” पैटर्न एक्टिव हो गया है। इसके अलावा एक ब्रेकअवे गैप की मौजूदगी ने भी इसकी तेजी के रुझान को मजबूत किया है। अक्षय के मुताबिक अब अगला अहम रेजिस्टेंस लेवल 26 मई का हाई लेवल 24,090 है। अगर निफ्टी इस लेवल के ऊपर बढ़त बनाए रखता है, तो अप्रैल के आखिरी से चल रहा लोअर हाई और लोअर लो का सिलसिला टूट जाएगा। इससे बाजार में तेजी का रुझान मजबूत रहेगा। अक्षय के मुताबिक जब तक निफ्टी 23,645 के ऊपर बना रहता है, तब तक इसके 24,250 की तरफ बढ़ने की संभावना बनी रहेगी।

मोतीलाल ओसवाल में डेरिवेटिव्स और टेक्निकल रिसर्च हेड चंदन तपाड़िया का कहना है कि इससे पहले निफ्टी ने जब 50-DMA के ऊपर टिके रहने की कोशिश की थी तो उस समय मार्केट में वोलैटिलिटी काफी हाई थी। इस बार VIX में आई तेज गिरावट से इसके 50-DMA के ऊपर बने रहने की संभावना बढ़ गई है। उनका यह भी कहना ह कि अगर VIX गिरकर 11-12 के लेवल तक आता है तो यह बुल्स के लिए और पॉजिटिव सिग्नल होगा।

NSE ने लॉन्च किए नए 11 सेक्टोरल इंडिसेज, सूचकांकों की कुल संख्या बढ़कर 34 हुई

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।