Dividend Share: स्टॉक ब्रोकिंग और अलाइड सर्विसेज से जुड़ी कंपनी नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट अपने शेयरहोल्डर्स को वित्त वर्ष 2025 के लिए 63 रुपये प्रति शेयर का इंटरिम डिविडेंड देने वाली है। कंपनी के बोर्ड ने 25 अक्टूबर की मीटिंग में इंटरिम डिविडेंड की घोषणा की थी। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 7 नवंबर 2024 है। इस तारीख तक जिन शेयरधारकों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड पाने के हकदार होंगे।
डिविडेंड का भुगतान 23 नवंबर 2024 को या उससे पहले कर दिया जाएगा। इससे पहले कंपनी ने इस साल जुलाई में वित्त वर्ष 2025 के लिए 81.50 रुपये प्रति शेयर के इंटरिम डिविडेंड का ऐलान किया था। इसके लिए रिकॉर्ड डेट अगस्त में थी।
नुवामा, वेल्थ मैनेजमेंट, एसेट मैनेजमेंट और कैपिटल मार्केट सर्विसेज की पेशकश करती है। इसके क्लाइंट्स में समृद्ध, हाई नेट वर्थ वाले व्यक्ति, अल्ट्रा हाई नेट वर्थ वाले व्यक्ति, पारिवारिक कार्यालय, कॉरपोरेट और इंस्टीट्यूशनल क्लाइंट्स शामिल हैं।
एक साल में Nuvama Wealth Management शेयर 145% मजबूत
नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट का शेयर वर्तमान में बीएसई पर 7100.20 रुपये पर है। कंपनी का मार्केट कैप 25400 करोड़ रुपये है। कंपनी में सितंबर 2024 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 55.18 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। बीएसई के डेटा के मुताबिक, नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट के शेयर की कीमत पिछले एक साल में 145 प्रतिशत और साल 2024 में अब तक 96 प्रतिशत मजबूत हुई है। शेयर ने बीएसई पर 16 अक्टूबर 2024 को 52 सप्ताह का उच्च स्तर 7,395 रुपये देखा था। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है।
नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट, Edelweiss Financial Services से डीमर्ज यानि कि अलग हुई एंटिटी है। इसका पुराना नाम Edelweiss Securities था। डीमर्ज होने के बाद नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट के शेयर 26 सितंबर 2023 को BSE पर 2,699 रुपये और NSE पर 2,750 रुपये पर लिस्ट हुए।
सितंबर तिमाही में मुनाफा 77% बढ़ा
नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट का जुलाई-सितंबर 2024 तिमाही में ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 43 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1051.35 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 735.26 करोड़ रुपये था। तिमाही के दौरान शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 77 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 257.31 करोड़ रुपये हो गया, जो सितंबर 2023 तिमाही में करीब 145 करोड़ रुपये था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।