नायका (Nykaa) के नाम से कारोबार करने वाली कंपनी एफएसन ई-कॉमर्स वेंचर्स (Fsn E-Commerce Ventures) के शेयर शुक्रवार 13 जनवरी को बीएसई पर करीब 1.7% फीसदी तक गिर गए। कंपनी के शेयरों में यह गिरावट एक बड़ी ब्लॉक डील के बाद देखने को मिली है। दोपहर सवा 2 बजे, नायका के शेयर बीएसई पर 1.30 फीसदी लुढ़ककर 147.80 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। पिछले 6 में से 5 कारोबारी सत्र में नायका के शेयर गिरे हैं और इस दौरान इनकी कीमत करीब 4.5 फीसदी कम हुई है। वह पिछले एक साल में नायका के शेयरों का भाव 57 फीसदी गिरा है।
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, नायका के करीब 10.8 लाख शेयरों की आज बल्क डील में खरीद-फरोख्त हुई है। हालांकि इन शेयरों को बेचने और खरीदने वालों के नाम के बारे में जानकारी अभी नहीं आ पाई है। इससे पहले गुरुवार को भी नायका के शेयरों में एक बड़ी डील देखने को मिली थी और इस दौरान कंपनी के 1.42 करोड़ शेयरों की खरीद-फरोख्त हुई थी।
नायका के शेयर पिछले कुछ समय से दबाव में हैं। कंपनी के प्री-IPO निवेशकों ने बीते 9 नबंबर को लॉक-इन अवधि खत्म होने के बाद से अपनी हिस्सेदारी बेची है। लाइटहाउस इंडिया ने नायका के 1.84 करोड़ शेयरों को बेचा था, जिसकी वैल्यू 336 करोड़ रुपये थी। वहीं क्रैविस इनवेस्टमेंट पार्टनर्स ने 630 करोड़ रुपये की वैल्यू के साथ 3.60 करोड़ और टीपीजी ने 998 करोड़ रुपये की वैल्यू में कंपनी के 5.43 करोड़ शेयरों को बेचा था।
अक्टूबर में कंपनी ने प्री-आईपीओ निवेशकों के लिए लॉक-इन अवधि खत्म होने से ठीक पहले बोनस इश्यू जारी करने का ऐलान किया था। कंपनी ने कहा कि वह प्रत्येक शेयर के बदले में 5 नए शेयर जारी करेगी। इसे इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर एडवाइजरी सर्विसेज (IiAS) ने 2 नवंबर को जारी एक नोट में हरी झंडी दे दी थी।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।