Paytm Share Price: मोबाइल पेमेंट्स और कॉमर्स प्लेटफॉर्म पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन97 कम्यूनिकेशंस (One97 Communications) के शेयरों में आज अच्छी तेजी दिख रही है। आज इंट्रा-डे में यह करीब 2 फीसदी की तेजी के साथ बीएसई पर 556.50 रुपये के भाव पर पहुंच गया। इसके शेयरों में खरीदारी का यह रुझान Morgan Stanley और Ghisallo Master Fund की शॉपिंग के चलते दिख रहा है। इन दोनों ने ब्लॉक डील्स के जरिए 12 जनवरी को पेटीएम के 560.2 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इस खरीदारी के अगले दिन शेयरों में तेजी का रुझान है।
इस भाव में Paytm के शेयरों की हुई खरीदारी
Morgan Stanley Asia (Singapore) Pte - ODI ने 54.95 लाख शेयर खरीदे हैं। वहीं हेज फंड Ghisallo Master Fund LP ने 49.8 लाख शेयर खरीदे हैं। एक्सचेंज पर मौजूद डेटा के मुताबिक यह खरीदारी खुले बाजार में खरीदारी के जरिए हुई है। दोनों ही FII ने शेयरों की यह खरीदारी 534.80 रुपये के भाव पर की है।
Morgan Stanley और Ghisallo Master ने पेटीएम के शेयरों की यह खरीदारी Alibaba.com Singapore E-Commerce Private Limited से की है। अलीबाबा ने पेटीएम के 1.92 करोड़ शेयर 536.95 रुपये के भाव पर बेचे हैं। सितंबर 2022 के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक अलीबाबाडॉटकॉम की पेटीएम में 6.26 फीसदी हिस्सेदारी थी और इसके पास 4.06 करोड़ शेयर थे। अलीबाबा की बिकवाली के चलते कल पेटीएम के शेयर करीब 6.4 फीसदी टूट गए थे और 542.25 रुपये के भाव पर बंद हुए थे।
Sah Polymers में भी हुई बड़ी डील्स
पेटीएम के अलावा साह पॉलीमर्स में भी कल बड़े सौदे हुए। साह पॉलीमर्स के शेयरों की कल लिस्टिंग हुई और पहले ही दिन Vikasa India EIF I Fund और Rajasthan Global Securities ने अपनी हिस्सेदारी बेच दी। Vikasa India EIF I Fund-Incube Global Opportunities ने 89.25 रुपये के औसत भाव पर 3.43 लाख शेयर बेच दिए। वहीं राजस्थान ग्लोबल सिक्योरिटीज ने 85 रुपये के औसत भाव पर 3.68 लाख शेयर बेचे। Saint Capital Fund ने 89.25 रुपये के भाव पर 1.78 लाख शेयर, Maven India Fund ने 89.12 रुपये के भाव पर 1.78 लाख शेयर और Elara India Opportunities Fund ने 86.14 रुपये के भाव पर 9.1 लाख शेयर बेच दिए।
इन निवेशकों ने शेयरों की तेजी से मुनाफा कमाया। साह पॉलीमर्स के शेयर लिस्टिंग के दिन 12 जनवरी को 89.25 रुपये के भाव पर बंद हुए थे जो इश्यू प्राइस के मुकाबले 37 फीसदी अधिक है। वहीं दूसरी तरफ Stock Vertex Ventures, L7 Hitech, BNK Securities, Ashwin Stocks and Investment और Arya Fin-Trade Services (India) ने 11.84 लाख शेयर खरीदे।