ब्यूटी प्रोडक्ट्स की ऑनलाइन रिटेलर नाइका की पेरेंट कंपनी FSN ई-कॉमर्स वेंचर्स के शेयरों में आगे 18 प्रतिशत तक की गिरावट दिख सकती है। ऐसा अनुमान मैक्वेरी के टारगेट प्राइस से मिला है। ब्रोकरेज ने इस स्टॉक पर “अंडरपरफॉर्म” रेटिंग बरकरार रखी है। साथ ही 210 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस सेट किया है। यह शेयर के क्लोजिंग प्राइस से 17 प्रतिशत कम है। ब्रोकरेज ने नाइका की ग्रोथ टिके रहने को लेकर चिंता जताई है।
मैक्वेरी ने कहा कि ब्यूटी सेगमेंट में नाइका की हालिया बढ़त काफी हद तक उसके खुद के ब्रांड्स की वजह से है। खासकर Dot & Key स्किनकेयर पोर्टफोलियो की मजबूत ग्रोथ की वजह से। हालांकि, ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि कंपनी के लिए अपने दूसरे ब्रांड्स में Dot & Key वाली ग्रोथ को दोहराना या Nykaa.com पर थर्ड-पार्टी ब्रांड सेल्स में वैसी ही तेजी लाना मुश्किल हो सकता है।
वैल्यूएशन को लेकर मैक्वेरी ने कहा है कि यह अभी भी डिमांडिंग है। ब्रोकरेज के मुताबिक, स्टॉक FY27 के अनुमानित प्री-IndAS EBITDA के मुकाबले एंटरप्राइज वैल्यू के लगभग 90 गुना पर ट्रेड कर रहा है।
Nykaa का शेयर एक साल में 50 प्रतिशत मजबूत
नाइका के शेयर में 6 मार्च को गिरावट है। शेयर दिन में BSE पर 3 प्रतिशत तक गिरकर 252.80 रुपये के लो तक गया। बाद में 2.6 प्रतिशत गिरावट के साथ 254.10 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 72700 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर एक साल में 50 प्रतिशत चढ़ा है। वहीं एक महीने में 8 प्रतिशत नीचे आया है। कंपनी में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 52.10 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। नाइका को ट्रैक करने वाले 26 एनालिस्ट्स में से 14 ने स्टॉक पर “बाय” रेटिंग दी है। 6 ने “होल्ड” और 6 ने “सेल” रेटिंग दी है। Nykaa का शेयर नवंबर 2021 में शेयर बाजार में लिस्ट हुआ था। कंपनी का 5,349.72 करोड़ रुपये का IPO 81.78 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
FSN E-Commerce Ventures का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 95.67 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा 21.68 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2025 के दौरान कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 419.95 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 97.36 करोड़ रुपये रहा। कंपनी को फाल्गुनी नायर ने शुरू किया है। वह इस वक्त नाइका में एग्जीक्यूटिव चेयरपर्सन, मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO हैं।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।