Nykaa Q2 Results: मजबूत रेवेन्यू के दम पर 72% बढ़ा नेट प्रॉफिट, लेकिन बाजार की उम्मीद से कमजोर रहे नतीजे

Nykaa का सितंबर तिमाही का मुनाफा बाजार की उम्मीदों से कम है। सर्वे में एनालिस्ट्स ने 28.7 करोड़ रुपये के नेट प्रॉफिट की उम्मीद जताई थी। स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 24 फीसदी बढ़कर 1875 करोड़ रुपये हो गया

अपडेटेड Nov 12, 2024 पर 6:03 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Nykaa ने आज 12 नवंबर को FY25 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं।

FSN E-Commerce Ventures Q2 Results: Nykaa ने आज 12 नवंबर को FY25 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 72 फीसदी बढ़ गया है। कंपनी ने इस अवधि में 10 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है। Nykaa को सितंबर तिमाही में इसके ब्यूटी और फैशन सेगमेंट में मजबूत रेवेन्यू ग्रोथ से मदद मिली। कंपनी के शेयरों में आज 2.66 फीसदी की गिरावट देखी गई और यह स्टॉक BSE पर 177.65 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इसका मार्केट कैप 50,776 करोड़ रुपये है।

Nykaa के नतीजे बाजार की उम्मीद से कमजोर

Nykaa का सितंबर तिमाही का मुनाफा बाजार की उम्मीदों से कम है। IBES के सर्वे में एनालिस्ट्स ने 28.7 करोड़ रुपये के नेट प्रॉफिट की उम्मीद जताई थी। स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 24 फीसदी बढ़कर 1875 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी को इसमें ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू (GMV) में मजबूत ग्रोथ से मदद मिली है, जो 24 फीसदी बढ़कर 3,652.5 करोड़ रुपये हो गई। नायका का ग्रॉस प्रॉफिट 26 फीसदी बढ़कर 821 करोड़ रुपये हो गया, जबकि ग्रॉस मार्जिन 69 बेसिस प्वाइंट की वृद्धि के साथ 43.8 फीसदी हो गया।


Nykaa के तिमाही नतीजे

नायका का EBITDA सालाना 29 फीसदी बढ़कर 103.7 करोड़ रुपये हो गया, जबकि EBITDA मार्जिन 5.5 फीसदी (18 बेसिस प्वाइंट का सुधार) तक बढ़ गया। ESOP खर्च और अन्य लागतों को छोड़कर एडजस्टेड EBITDA 39 फीसदी बढ़कर 115.5 करोड़ रुपये हो गया, जबकि मार्जिन 66 बेसिस प्वाइंट की वृद्धि के साथ 6.2 फीसदी हो गया।

प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) 60 फीसदी बढ़कर 21.3 करोड़ रुपये हो गया, और कंपनी के नेट प्रॉफिट मार्जिन में 17 बेसिस प्वाइंट का सुधार हुआ। हालांकि मार्केटिंग और सेल्स खर्च 40 फीसदी बढ़कर 286 करोड़ रुपये हो गया। यह बढ़ोतरी नायका की आक्रामक ब्रांडिंग इनिशिएटिव और नए ग्राहक जोड़ने के प्रयासों को दिखाती है।

Nykaa का सेगमेंट वाइज परफॉर्मेंस

Nykaa के ब्यूटी वर्टिकल ने प्रीमियम फ्रेगरेंस की बिक्री से GMV में 29 फीसदी की वृद्धि दर्ज की। नायका के हॉट पिंक सेल इवेंट ने इस ग्रोथ को और बढ़ावा दिया, जिसने 2.3 करोड़ यूनिक विजिटर्स को आकर्षित किया। कंपनी के स्वामित्व वाले ब्यूटी ब्रांड्स ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, जिसने GMV में 48 फीसदी की वृद्धि दर्ज की। कंपनी के फैशन वर्टिकल में GMV में 10 फीसदी की वृद्धि देखी गई। फैशन सेगमेंट में ग्रॉस मार्जिन 567 बेसिस प्वाइंट से बढ़कर 49.7 फीसदी पर पहुंच गया।

कंपनी ने बढ़ाया अपना कारोबार

नायका ने निवेशकों के एक प्रेजेंटेशन में कहा कि वह भारत भर में अपने कारोबार का विस्तार कर रही है। कंपनी ने Q2 में दो नए फ्लैगशिप ब्यूटी स्टोर जोड़े हैं, जिससे उसके स्टोर की कुल संख्या 210 हो गई है। ई-कॉमर्स सेगमेंट में कंपनी ने 170 नए ब्यूटी ब्रांड और 260 फैशन ब्रांड लॉन्च किए हैं। इसके अलावा, 'सुपरस्टोर बाय नायका' (इसका eB2B प्लेटफॉर्म) ने GMV में सालाना 80 फीसदी की वृद्धि दर्ज की, जिससे इसके रिटेलर नेटवर्क का विस्तार 1060 से अधिक शहरों तक हो गया और ऑर्डर में 60 फीसदी की वृद्धि हुई। कंपनी का कुल कस्टमर बेस 31 फीसदी बढ़कर 3.7 करोड़ हो गया

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।