FSN E-Commerce Ventures Share Price: घरेलू मार्केट में आज शानदार माहौल रहा और सेंसेक्स (Sensex) 0.94 फीसदी मजबूत हुआ है। वहीं दूसरी तरफ नायका (Nykaa) की पैरेंट कंपनी FSN E-Commerce Ventures के शेयर एक नए स्तर पर गिर गए। इसके शेयर आज बीएसई पर कारोबार के दौरान 132.30 रुपये के भाव (Nykaa Share Price) पर फिसल गए थे जो इसका अब तक का सबसे निचला स्तर है। दो दिन में यह करीब 10 फीसदी टूट चुका है और चार दिनों में 15 फीसदी। इसके शेयर आज 4.99 फीसदी की गिरावट के साथ 133.25 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं। इसका मार्केट कैप 37,967.89 करोड़ रुपये है।
Nykaa में गिरावट की क्या है वजह
देश की सबसे बड़ी ऑनलाइन ब्यूटी और कॉस्मेटिक्स रिटेलर नायका की पैरेंट कंपनी ने 9 जनवरी को एक्सचेंज फाइलिंग में अतिरिक्त शेयरों के लिस्टिंग की जानकारी दी थी। एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक डिपॉजिटरी पार्टिसिपेंट्स ने दिसंबर 2022 तिमाही में सिक्योरिटीज के डीमैट फॉर्म में बदलने के लिए भेजा था जिसे एक्सचेंज में लिस्ट कर दिया है। इस प्रकार माना जा रहा है कि मार्केट में नायका के शेयरों की लिक्विडिटी बढ़ने पर भाव पर असर पड़ा।
9 जनवरी को नायका ने इसकी जानकारी एक्सचेंज को दी थी और अगले दिन यह डेढ़ फीसदी फिसल गया था। हालांकि अगले दिन 11 जनवरी को यह संभला और तीन फीसदी मजबूत हुआ लेकिन फिर इसमें गिरावट आई और 11 जनवरी के बाद से यह 14 फीसदी से अधिक फिसल चुका है।
62% फिसल चुका है रिकॉर्ड हाई से
पिछले साल नायका के शेयर 17 जनवरी 2022 को 348.70 रुपये के भाव पर थे। यह नायका के शेयरों का रिकॉर्ड ऊंचा भाव है। हालांकि बिकवाली के चलते अब तक यह 62 फीसदी टूट चुका है। यह ब्यूटी, पर्सनल केयर और फैशन प्रोडक्ट्स बेचने के मामले में जाना-माना नाम है। अब अपने ब्रांड नाम से भी प्रोडक्ट्स की बिक्री करती है। इसके प्रोडक्ट्स की बिक्री सिर्फ ऑनलाइन ही बल्कि ऑफलाइन भी होती है। हालांकि पिछले साल प्री-आईपीओ शेयरों के लिए एक साल का लॉक-इन खत्म होने के बाद बिकवाली और कंपनी के कारोबार पर कॉम्पटीशन ने नायका के शेयरों पर दबाव बनाया।