Oil & Gas Stocks : ONGC, OIL इंडिया और वेदांता जैसी अपस्ट्रीम कंपनियों के लिए बड़ी राहत की खबर। सरकार ने तेल और गैस उत्पादन पर रॉयल्टी चार्ज घटा दिया है। इस फैसले से कंपनियों की कमाई और कैशफ्लो को सपोर्ट मिलेगा। सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए ऑनशोर क्रूड रॉयल्टी 16.66 फीसदी से घटाकर 10 फीसदी कर दिया है। वहीं, ऑफशोर क्रूड रॉयल्टी 9.09 फीसदी से घटाकर 8 फीसदी कर दी गई है। नैचुरल गैस रॉयल्टी 10 फीसदी से घटाकर 8 फीसदी करने का फैसला लिया गया है।
तेल-गैस कंपनियों को मिलेगी राहत
एक्सपर्ट्स का कहना है कि सरकार के इस फैसले से ONGC, Oil India को मुनाफे में बड़ा फायदा संभव है। GST-लिंक्ड बचत से प्रोड्यूसर्स की इकॉनॉमिक्स में 18 फीसदी तक फायदा संभव है। वेदांता के राजस्थान फील्ड्स पर रॉयल्टी 16.67 फीसदी से घटकर 10.6 फीसदी पर आ जाएगी।
सरकार का फोकस घरेलू तेल-गैस उत्पादन बढ़ाने पर है। एक्सप्लोरेशन और नई ड्रिलिंग को प्रोत्साहन मिलेगा। 2019 के बाद ऑफर हुए HELP ब्लॉक्स पर और कम रॉयल्टी दरें लेगेंगी।
सरकार के इस फैसले को देखते हुए CLSA ने ONGC पर ‘हाई कन्विक्शन आउटपरफॉर्म’रेटिंग बरकरार रखते हुए 405 रुपए प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि रॉयल्टी कट से ONGC की फेयर वैल्यू 7-9 फीसदी तक बढ़ सकती है। वहीं, ऑयल इंडिया (Oil India) की फेयर वैल्यू में 9-11 फीसदी तक इजाफे का अनुमान है। इससे 2022 जैसे विंडफॉल टैक्स (Windfall Tax) की आशंका भी घटी है।
सीएनबीसी-आवाज़ के मैनेजिंग एडिटर अनुज सिंघल की राय
अनुज सिंघल की राय है कि सरकार के इस फैसले से ONGC, वेदांता और ऑयल इंडिया को फायदा होगा। इससे अपस्ट्रीम पेट्रोलियम कंपनियों को बड़ी राहत मिलेगी। इन कंपनियों को रॉयल्टी दरें घटने के अलावा GST से जुड़ी अतिरिक्त बचत से भी 18 फीसदी तक फायदा हो सकता है। रॉयल्टी के नए स्ट्रक्चर का लक्ष्य घरेलू हाइड्रोकार्बन प्रोडक्शन को बढ़ावा देना है। तेल-गैस प्रोडक्शन पर रॉयल्टी घटने का फायदा वेदांता को भी मिलेगा। वेदांता के राजस्थान फील्ड में रॉयल्टी 16.67 फीसदी से घटकर 10.6 फीसदी हो जाएगी। यह शेयर चार्ट पर भी काफी मजबूत है। यह अपने सभी मूविंग एवरेज के ऊपर ट्रेड कर रहा है।
इन शेयरों की चाल पर एक नजर
2.10 बजे के आसपास ओएनजीसी का शेयर 16 रुपए यानी 5.69 फीसदी की बढ़त के साथ 297 रुपए के आसपास कारोबार कर रहा था। आज की इसका इंट्राडे हाई 299.90 रुपए है। 1 हफ्ते में इसमें 2.36 फीसदी की और 1 महीने में 3.60 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। 1 साल में इसने 21.57 फीसदी रिटर्न दिया है।
Oil India का शेयर 38.75 रुपए यानी 8.50 फीसदी की तेजी के साथ 495 रुपए के आसपास कारोबार कर रहा है। आज का इसका दिन का हाई 499.40 रुपए है। स्टॉक ने 1 साल में 18.73 फीसदी और 3 साल में 189.78 फीसदी रिटर्न दिया है।
Vedanta भी 6.50 रुपए यानी 2.18 फीसदी की तेजी के साथ 305 रुपए के आसपास दिख रहा है। आज का इसका दिन का हाई 309.90 रुपए है। 1 हफ्ते में ये शेयर 3.41 फीसदी भागा है। वहीं, 1 महीने में इसमें करीब 60 फीसदी की गिरावट आई है। 1 साल में यह शेयर 25 फीसदी से ज्यादा टूटा है। हालांकि 3 साल में इसने 8.24 फीसदी रिटर्न दिया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।