Ola Electric Shares: ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों में गुरुवार को 2 अप्रैल को लगातार दूसरे दिन भारी तेजी देखने को मिली। कंपनी का शेयर बीएसई पर करीब 8.7% की बढ़त के साथ ₹28.19 के स्तर पर कारोबार करते नजर आए। पिछले दो दिनों में कंपनी का शेयर करीब 23 प्रतिशत तक बढ़ चुका है। यह तेजी इस खबर के बाद आई कि कंपनी ने अपनी फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Roadster X+ 9.1 kWh की कीमतों में बड़ी कटौती का ऐलान किया है।
कंपनी ने शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में बताया कि उसने Roadster X+ 9.1 kWh बाइक की कीमत 60,000 रुपये तक घटा दी है। अब यह बाइक 1,29,999 रुपये में उपलब्ध होगी, जो पहले 1,89,999 रुपये थी। यानी कीमत में 30% से ज्यादा की कटौती की गई है।
कंपनी का कहना है कि यह कटौती उसके गीगाफैक्ट्री में उत्पादन बढ़ने और लागत में आई कमी के कारण संभव हो पाई है। खासतौर पर 4680 भारत सेल बैटरी टेक्नोलॉजी के इनहाउस विकसित करने और वर्टिकल इंटीग्रेशन से लागत में गिरावट आई है।
डिमांड बढ़ने के बाद नया सेल मॉडल
कंपनी ने यह भी बताया कि इस बाइक की बिक्री अब एक लिमिटेड विंडो मॉडल के तहत की जाएगी। यानी ग्राहक इसे सीमित समय और सीमित यूनिट्स में ही खरीद सकेंगे।
पहली सेल विंडो 3 अप्रैल को शाम 6 बजे से 9 बजे तक खुलेगी। इसके बाद की विंडो उत्पादन क्षमता के आधार पर घोषित की जाएंगी। कंपनी के अनुसार, इस बाइक की मांग मौजूदा सप्लाई से कहीं ज्यादा है, जिसके चलते यह रणनीति अपनाई गई है।
Roadster X+ 9.1 kWh बाइक की दावा की गई रेंज करीब 500 किलोमीटर तक है, जो इसे लंबी दूरी के लिए एक मजबूत विकल्प बनाती है। कंपनी के प्रवक्ता के मुताबिक, #EndICEAge कैंपेन के दौरान इस बाइक की मांग 5 गुना से ज्यादा बढ़ी है। नई कीमत के बाद इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को और ज्यादा किफायती बनाने की दिशा में यह बड़ा कदम माना जा रहा है।
बिजनेस परफॉर्मेंस में भी सुधार
कंपनी के ऑपरेशनल प्रदर्शन में भी हाल के महीनों में सुधार देखने को मिला है। मार्च महीने में ओला इलेक्ट्रिक ने रजिस्ट्रेशन में 150% से ज्यादा की मंथली ग्रोथ दर्ज की और कुल 10,117 यूनिट्स का आंकड़ा पार किया। इसके अलावा, महीने के आखिरी सप्ताह में रोजाना ऑर्डर 1,000 यूनिट्स से ज्यादा दर्ज किए गए, जो बढ़ती मांग और बेहतर मार्केट सेंटिमेंट की ओर इशारा करता है।
दोपहर 12.25 बजे के करीब, ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के शेयर एनएसई पर 7.26 फीसदी की तेजी के साथ 27.77 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे थे। इससे पहले बुधवार 1 अप्रैल को भी इस शेयरों में करीब 14 तक की शानदार तेजी देखने को मिली थी।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।