Ola Electric Q4 Results: इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने वाली Ola Electric ने 21 मई को मार्च तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी का घाटा पिछले साल के मुकाबले कम हुआ है, लेकिन कमाई में बड़ी गिरावट देखने को मिली।
Ola Electric Q4 Results: इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने वाली Ola Electric ने 21 मई को मार्च तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी का घाटा पिछले साल के मुकाबले कम हुआ है, लेकिन कमाई में बड़ी गिरावट देखने को मिली।
मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का नेट लॉस घटकर 500 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में Ola Electric को 870 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।
वहीं कंपनी का EBITDA लॉस भी कम हुआ। ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले का घाटा घटकर 281 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल यह 690 करोड़ रुपये था।
हालांकि कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 56.6% टूटकर 265 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल मार्च तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 611 करोड़ रुपये था। यानी घाटा कम होने के बावजूद कारोबार की कमाई पर दबाव बना हुआ है।
सर्विस को बताया बड़ी समस्या
ओला इलेक्ट्रिक मैनेजमेंट के मुताबिक FY26 के दौरान सर्विस सबसे बड़ी चुनौती रही, जिसकी वजह से मांग प्रभावित हुई। हालांकि कंपनी का कहना है कि अब स्थिति काफी हद तक स्थिर हो चुकी है।
Ola Electric के मुताबिक अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 के बीच औसत सर्विस टर्नअराउंड टाइम यानी TAT में 88% की कमी लाई गई है। साथ ही सर्विस बैकलॉग भी काफी घटाया गया है।
अप्रैल में बढ़े रजिस्ट्रेशन
ओला इलेक्ट्रिक ने दावा किया कि अप्रैल 2026 में उसके व्हीकल रजिस्ट्रेशन मासिक आधार पर 20% बढ़े हैं। खास बात यह है कि उसी दौरान पूरे इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर इंडस्ट्री में 22% की गिरावट देखने को मिली। यानी Ola Electric का कहना है कि इंडस्ट्री में कमजोरी के बावजूद उसके रजिस्ट्रेशन में सुधार दिखा है।
पहली बार ऑपरेटिंग कैश फ्लो पॉजिटिव
मार्च तिमाही ओला इलेक्ट्रिक के लिए इसलिए भी अहम रही, क्योंकि यह कंपनी की पहली ऐसी तिमाही रही जिसमें ऑपरेटिंग कैश फ्लो पॉजिटिव रहा।
ओला का ऑपरेशंस से कंसॉलिडेटेड कैश फ्लो 91 करोड़ रुपये रहा। आसान भाषा में कहें तो मुख्य कारोबार से कंपनी के पास नकदी आना शुरू हुई है।
मार्जिन में बड़ा सुधार
ओला का कंसॉलिडेटेड ग्रॉस मार्जिन बढ़कर 38.5% पहुंच गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह सिर्फ 13.7% था।
हालांकि कंपनी ने यह भी कहा कि FY27 की पहली और दूसरी तिमाही में कमोडिटी महंगाई और आक्रामक प्राइसिंग रणनीति की वजह से मार्जिन पर कुछ दबाव आ सकता है। इसके बावजूद कंपनी का कहना है कि उसके पास पर्याप्त मार्जिन बफर मौजूद है।
FY27 के लिए योजना?
Ola Electric ने शेयरहोल्डर लेटर में कहा कि उसका गीगाफैक्ट्री प्रोजेक्ट अब अगले चरण में पहुंच चुका है। FY27 में कंपनी 6 GWh तक कमर्शियल मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने पर फोकस करेगी।
कंपनी का कहना है कि भविष्य में यही गीगाफैक्ट्री मोबिलिटी और एनर्जी स्टोरेज दोनों कारोबारों के लिए बड़ा प्लेटफॉर्म बन सकती है।
AI का बढ़ता इस्तेमाल
ओला ने बताया कि अब AI उसके कारोबार का अहम हिस्सा बन चुका है। कंपनी के मुताबिक AI फिलहाल हर दिन करीब 2 लाख कनेक्टेड कॉल्स संभाल रहा है।
कंपनी का कहना है कि इसका इस्तेमाल सेल्स, सर्विस और ऑपरेशंस में प्रोडक्टिविटी बढ़ाने के लिए किया जा रहा है।
शेयर में मामूली गिरावट
बुधवार को Ola Electric Mobility Ltd का शेयर मामूली गिरावट के साथ 36.5 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 12.85% टूटा है। वहीं, 1 साल में इसने 28.60% का नेगेटिव रिटर्न दिया है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।