ओला इलेक्ट्रिक का राइट्स इश्यू खुला, मोतीलाल ओसवाल ने दिखाई पूरी दिलचस्पी; 30 अक्टूबर तक कर सकेंगे अप्लाई

Ola Electric Rights Issue: ओला इलेक्ट्रिक के राइट्स इश्यू के पहले दिन मोतीलाल ओसवाल और Calliope Capital ने कुल 2.39 करोड़ राइट्स एंटाइटलमेंट के लिए आवेदन किया। कंपनी का ₹1,000 करोड़ का इश्यू 30 अक्टूबर तक खुला रहेगा। इस बीच शेयर में गिरावट जारी है। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Oct 22, 2026 पर 8:04 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
गुरुवार को Ola Electric का शेयर 5% गिरकर ₹31.31 के इंट्राडे निचले स्तर पर पहुंच गया।

Ola Electric Rights Issue: इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनी Ola Electric Mobility के राइट्स इश्यू में पहले दिन दो निवेशकों ने करीब 2.39 करोड़ राइट्स एंटाइटलमेंट के लिए आवेदन किया। कंपनी ने गुरुवार, 22 अक्टूबर को रेगुलेटरी फाइलिंग में इसकी जानकारी दी।

ये एंटाइटलमेंट प्रमोटर ग्रुप से जुड़ी संस्थाओं ने दोनों निवेशकों को ट्रांसफर किए थे। राइट्स एंटाइटलमेंट का मतलब है कंपनी के मौजूदा शेयरधारकों या पात्र निवेशकों को तय कीमत पर कंपनी के नए शेयर खरीदने का अधिकार।

Motilal Oswal और Calliope Capital ने क्या किया?


ओला इलेक्ट्रिक की फाइलिंग के मुताबिक, प्रमोटर ग्रुपकी सदस्य ANI Technologies Private Limited ने Motilal Oswal Financial Services को 1,28,33,054 राइट्स एंटाइटलमेंट ट्रांसफर किए। मोतीलाल ओसवाल ने सभी एंटाइटलमेंट के लिए आवेदन किया।

वहीं, Indus Trust ने अपने ट्रस्टी अंकुश अग्रवाल के जरिए Calliope Capital Advisors को 1,10,22,422 एंटाइटलमेंट ट्रांसफर किए। Calliope Capital ने भी सभी एंटाइटलमेंट के लिए आवेदन किया। दोनों निवेशकों ने कुल 2,38,55,476 एंटाइटलमेंट के लिए आवेदन किया। यह संख्या करीब 2.39 करोड़ है।

₹1,000 करोड़ का है राइट्स इश्यू

ओला इलेक्ट्रिक के बोर्ड ने 11 अक्टूबर 2026 को ₹1,000 करोड़ तक के राइट्स इश्यू को मंजूरी दी थी। यह इश्यू 22 अक्टूबर को खुला और 30 अक्टूबर को बंद होगा।

कंपनी ने प्रति शेयर ₹27 का इश्यू प्राइस तय किया है। इसमें ₹10 फेस वैल्यू और ₹17 प्रीमियम शामिल है। कंपनी कुल 37.02 करोड़ राइट्स इक्विटी शेयर जारी करेगी। इनकी कुल कीमत करीब ₹999.74 करोड़ है।

शेयरधारकों को कितने शेयर मिलेंगे?

ओला इलेक्ट्रिक ने राइट्स इश्यू के लिए 13 अक्टूबर 2026 की रिकॉर्ड डेट तय की थी। इसका अनुपात हर 25 पूरी तरह भुगतान किए गए शेयरों पर 2 नए शेयर है। यानी पात्र शेयरधारक अपने हर 25 शेयरों पर 2 अतिरिक्त शेयर खरीदने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

इश्यू से पहले कंपनी के करीब 462.84 करोड़ इक्विटी शेयर थे। पूरा इश्यू सब्सक्राइब होने पर इनकी संख्या बढ़कर करीब 499.87 करोड़ हो जाएगी।

Ola Electric के शेयर में गिरावट

गुरुवार को Ola Electric का शेयर 5% गिरकर ₹31.31 के इंट्राडे निचले स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, बाद में 3.36% की गिरावट के साथ 31.94 पर बंद हुआ।  शेयर एक हफ्ते में 10% और एक महीने में 16% टूट चुका है। छह महीने में इसमें 18% और एक साल में 41% की गिरावट आई है।

शेयर ने अक्टूबर 2025 में ₹53.47 का 52 हफ्ते का उच्च स्तर छुआ था। मार्च 2026 में यह ₹20.83 के निचले स्तर तक गिर गया था।

Q2 Results: हर शेयर पर ₹24 का डिविडेंड, टूथपेस्ट कंपनी को ₹341 करोड़ का मुनाफा

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।