इलेक्ट्रिक टूव्हीलर मेकर ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों में 21 मई को दिन में लगभग 6 प्रतिशत तक की गिरावट दिखाई दी। BSE पर शेयर 34.83 रुपये के लो तक गया। कंपनी ने एक दिन पहले तिमाही नतीजे जारी किए थे। कंपनी के घाटे में गिरावट दर्ज की गई है। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड घाटा सालाना आधार पर 42.5 प्रतिशत गिरकर 500 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले घाटा 870 करोड़ रुपये था।
ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर लगभग 91 प्रतिशत की गिरावट के साथ 56.6 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। मार्च 2025 तिमाही में यह 611 करोड़ रुपये था। खर्च कम होकर 546 करोड़ रुपये के रहे, जो मार्च 2025 तिमाही में 1306 करोड़ रुपये के थे। कंसोलिडेटेड ग्रॉस मार्जिन 38.5 प्रतिशत रहा। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान ओला इलेक्ट्रिक का शुद्ध कंसोलिडेटेड घाटा 1833 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 2253 करोड़ रुपये रहा। कंसोलिडेटेड ग्रॉस मार्जिन 30.6 प्रतिशत रहा।
ओला इलेक्ट्रिक ने जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में 20,256 इलेक्ट्रिक टूव्हीलर्स की डिलीवरी की। पूरे वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने 1,73,794 यूनिट्स की डिलीवरी की। कंपनी को उम्मीद है कि अप्रैल-जून 2026 तिमाही के दौरान उसका कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 500-550 करोड़ रुपये रहेगा। ऑर्डर 40000-45000 यूनिट रहेंगे।
Ola Electric Mobility का शेयर 3 महीनों में 33 प्रतिशत चढ़ा
ओला इलेक्ट्रिक अगस्त 2024 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 6145.56 करोड़ रुपये का रहा था। कंपनी का मार्केट कैप 15500 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। शेयर BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 3 महीनों में 33 प्रतिशत मजबूत हुआ है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 34.59 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 71.24 रुपये और एडजस्टेड लो 21.21 रुपये है।
ब्रोकरेज फर्म सिटी ने Ola Electric Mobility के शेयर के लिए टारगेट प्राइस 22 रुपये से बढ़ाकर 26 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। लेकिन "सेल" रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज का कहना है कि मार्जिन और ऑपरेटिंग मेट्रिक्स में सुधार है। लेकिन अभी भी मुनाफा बढ़ाने के लिए जरूरी वॉल्यूम ग्रोथ की कमी है। एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज ने शेयर के लिए टारगेट प्राइस 20 रुपये से बढ़ाकर 25 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। HSBC ने टारगेट प्राइस घटाकर 33 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। रेटिंग 'रिड्यूस' रखी है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।