ऑटो कंपोनेंट्स और इक्विपमेंट्स सेक्टर की कंपनी संसेरा इंजीनियरिंग के शेयरहोल्डर्स के लिए 21 मई का दिन बेहद शानदार रहा। दिन में BSE पर शेयर की कीमत पिछले बंद भाव से 16.4 प्रतिशत तक उछलकर 2893.95 रुपये के हाई तक गई। यह शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर है। बाद में शेयर लगभग 15 प्रतिशत बढ़त के साथ 2851.60 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी ने गुरुवार को तिमाही नतीजे जारी किए हैं। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के दौरान कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू लगभग 28 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 998.74 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 781.65 करोड़ रुपये था।
शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 121.41 करोड़ रुपये रहा। यह मार्च 2025 तिमाही के मुनाफे 59.27 करोड़ रुपये से लगभग 105 प्रतिशत ज्यादा है। खर्च 769 करोड़ रुपये के रहे, जो मार्च 2025 तिमाही में 624 करोड़ रुपये के थे। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 324.08 करोड़ रुपये और ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 3497.91 करोड़ रुपये रहा।
Sansera Engineering देगी 4 रुपये का फाइनल डिविडेंड
संसेरा इंजीनियरिंग के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 4 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है। इस पर कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 के लिए 3.25 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था।
शेयर 6 महीनों में 74 प्रतिशत मजबूत
संसेरा इंजीनियरिंग का मार्केट कैप बढ़कर 17700 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 30.10 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर 6 महीनों में 78 प्रतिशत चढ़ा है। एक साल में कीमत 130 प्रतिशत और 3 साल में 268 प्रतिशत मजबूत हुई है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।