Jubilant Foodworks Share Price: Q4 नतीजों के बाद HSBC ने रेटिंग और जेफरीज ने टारगेट प्राइस घटाया, शेयर 8% टूटा

Jubilant Foodworks Share Price: शेयर को 30 एनालिस्ट कवर कर रहे हैं। इनमें से 20 ने "बाय" रेटिंग दी है। मार्च 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 66.2 प्रतिशत बढ़कर 79.79 करोड़ रुपये हो गया

अपडेटेड May 21, 2026 पर 4:26 PM
Jubilant Foodworks भारत, नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश में डोमिनोज पिज्जा और डंकिन डोनट्स जैसी लोकप्रिय क्यूएसआर चेन्स को ऑपरेट करती है।

गुरुवार, 21 मई को जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड के शेयर 8 प्रतिशत तक गिर गए। BSE पर शेयर का भाव 433.90 रुपये के लो तक चला गया। बाद में शेयर 435.65 रुपये पर बंद हुआ। एक दिन पहले कंपनी ने तिमाही नतीजे जारी किए थे। इसके बाद ब्रोकरेज फर्म HSBC ने स्टॉक की रेटिंग घटा दी। जेफरीज ने भी प्राइस टारगेट में भारी कटौती की है। इसके चलते शेयर में बिकवाली का दबाव है। जुबिलेंट फूडवर्क्स भारत, नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश में डोमिनोज पिज्जा और डंकिन डोनट्स जैसी लोकप्रिय QSR चेन्स को ऑपरेट करती है।

जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में जुबिलेंट फूडवर्क्स का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 66.2 प्रतिशत बढ़कर 79.79 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 48 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 2,499.46 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो मार्च 2025 तिमाही में 2,095.02 करोड़ रुपये था। EBITDA में 11.5 प्रतिशत का इजाफा हुआ। कंपनी का मार्जिन भी 90 बेसिस पॉइंट्स बढ़ा।

पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 444.24 करोड़ रुपये और ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 9,512.51 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। एक साल पहले मुनाफा 217.12 करोड़ रुपये और रेवेन्यू 8,104.49 करोड़ रुपये रहा था।


Jubilant Foodworks देगी ₹1.2 का डिविडेंड

जुबिलेंट फूडवर्क्स के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 1.2 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड घोषित किया है। इस पर कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। मंजूरी मिलने पर 30 दिनों के अंदर इसका पेमेंट कर दिया जाएगा। वित्त वर्ष 2025 के लिए भी कंपनी ने इतना ही डिविडेंड घोषित किया था।

ब्रोकरेज की रेटिंग और टारगेट

Jubilant Foodworks के शेयर को 30 एनालिस्ट कवर कर रहे हैं। इनमें से 20 ने "बाय" रेटिंग दी है। 6 ने "होल्ड" और 4 ने "सेल" रेटिंग दी है। HSBC ने शेयर की रेटिंग को पहले के "बाय" से घटाकर "होल्ड" कर दिया है। प्राइस टारगेट को भी पहले के 630 रुपये से घटाकर 530 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। ब्रोकरेज ने कहा कि पहली तिमाही के "लाइक-फॉर-लाइक" (समान-स्टोर) ट्रेंड मामूली सुधार की ओर इशारा कर रहे हैं। लेकिन साथ ही यह भी दिखाते हैं कि मांग मुख्य रूप से एक्टिवेशन (प्रचार) की वजह से बढ़ रही है। ऐसे में कंपनी के सामने ग्रोथ और मार्जिन में से किसी एक को चुनने की चुनौती खड़ी हो गई है। HSBC ने जुबिलेंट फूडवर्क्स के लिए कमाई के अनुमानों में भी कटौती की है। उसे नजदीकी भविष्य में महंगाई के रूप में एक बड़ी बाधा नजर आ रही है।

Protean eGov Technologies Share Price: खुलते ही 20% दौड़ा शेयर, लगा अपर सर्किट; मुनाफा 50% बढ़ने से मिला बूस्ट

Jefferies ने टारगेट प्राइस 30 प्रतिशत घटाया

जेफरीज ने इस स्टॉक पर अपनी "बाय" रेटिंग बरकरार रखी है लेकिन प्राइस टारगेट को पहले के 850 रुपये से घटाकर 600 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। ब्रोकरेज ने कहा कि समान-स्टोर बिक्री में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है। साथ ही मार्जिन को लेकर मैनेजमेंट की टिप्पणी सतर्कता भरी है। यह इस बात का ​​संकेत है कि कंपनी को अभी भी हालात सुधरने का इंतजार करना पड़ेगा। बिजनेस में लाइक-फॉर-लाइक सेल्स का मतलब पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में मौजूदा स्टोर्स या प्रोडक्ट्स से होने वाली बिक्री से है। इसमें पिछले एक साल में नए खुले या बंद हुए स्टोर्स की बिक्री को शामिल नहीं किया जाता है।

JPMorgan ने शेयर को "न्यूट्रल" रेटिंग दी है। टारगेट प्राइस 474 रुपये प्रति शेयर तय किया है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी के मैनेजमेंट ने मध्यम अवधि में 5% से 7% की "लाइक-फॉर-लाइक" ग्रोथ हासिल करने के अपने लक्ष्य को फिर से दोहराया है।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।