ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक लिमिटेड के शेयरों ने 23 फरवरी को दिन में 4.5 प्रतिशत तक की बढ़त देखी। BSE पर शेयर 1061 रुपये के हाई तक गया। बाद में लगभग 3 प्रतिशत बढ़त के साथ 1043 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 8500 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि Evey Trans Private Limited (EVEY) को तेलंगाना स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (TGSRTC) से 1085 इलेक्ट्रिक बसों की सप्लाई, ऑपरेशन और मेंटेनेंस का ऑर्डर मिला है।
इन बसों में 1025 बसें 12 मीटर की नॉन एसी और 60 बसें 12 मीटर की एसी बस हैं। कॉन्ट्रैक्ट पीरियड 12 साल है। EVEY इन बसों को ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक से खरीदेगी। डिलीवरी 20 महीनों के अंदर की जाएगी। ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक और EVEY दोनों मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड (MEIL) ग्रुप की कंपनी हैं।
इन 1085 बसों की सप्लाई की वैल्यू ओलेक्ट्रा के लिए लगभग 1800 करोड़ रुपये है। कॉन्ट्रैक्ट पीरियड के दौरान इन बसों का मेंटेनेंस भी ओलेक्ट्रा के जिम्मे है। एक्सचेंज फाइलिंग में कहा गया है कि ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक और EVEY के बीच ट्रांजेक्शन एक रिलेटेड पार्टी ट्रांजेक्शन होगा।
Olectra Greentech 6 महीनों में 33 प्रतिशत नीचे
ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 50.02 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 49.98 प्रतिशत हिस्सा है। शेयर की फेस वैल्यू 4 रुपये है। 6 महीनों में शेयर 33 प्रतिशत नीचे आया है। 3 महीनों में कीमत 21 प्रतिशत गिरी है। BSE पर शेयर का 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 1,712.50 रुपये और एडजस्टेड लो 965.05 रुपये है। यह कंपनी BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है।
कंपनी का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 654.40 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा 47.12 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2025 के दौरान स्टैंडअलोन रेवेन्यू 1,763.06 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 139.57 करोड़ रुपये रहा। ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक का दावा है कि वह देश में इलेक्ट्रिक बस बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनी है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।