आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी OpenAI की रोबोटिक्स और कंज्यूमर हार्डवेयर की हेड Caitlin Kalinowski ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका कहना है कि कंपनी ने अपने एआई मॉडल को अमेरिकी सरकार के गोपनीय नेटवर्क में इस्तेमाल करने का फैसला किया, जिसकी वजह से वह पद छोड़ रही हैं। इसी वजह से अमेरिका में बड़ी संख्या में यूजर्स ने OpenAI के लोकप्रिय चैटबॉट चैटजीपीटी को अनइंस्टॉल भी कर रहे हैं।
कौन हैं केटलिन कालिनोव्स्की
केटलिन कालिनोव्स्की 2024 में OpenAI से जुड़ी थीं। इससे पहले वह Meta Platforms में काम कर चुकी हैं। यहां उन्होंने ऑगमेंटेड रियलिटी हार्डवेयर से जुड़े प्रोजेक्ट्स का नेतृत्व किया था। OpenAI में वह रोबोटिक्स और कंज्यूमर हार्डवेयर से जुड़े काम की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।
केटलिन कालिनोव्स्की ने पेंटागन मुद्दे पर अपनी चिंता जताने के बाद पद छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए अपने इस्तीफे की जानकारी दी।
क्या है OpenAI और पेंटागन का समझौता
OpenAI और United States Department of Defense के बीच हुए नए समझौते के तहत अमेरिकी रक्षा बल OpenAI की उन्नत एआई क्षमताओं को अपने क्लासिफाइड क्लाउड नेटवर्क में इस्तेमाल कर सकेंगे। कंपनी ने हाल ही में इस साझेदारी की पुष्टि की थी। उसने कहा था कि इसका मकसद यह समझना है कि एआई टूल्स रक्षा से जुड़े अलग अलग ऑपरेशनों में कैसे मदद कर सकते हैं।
समझौते पर केटलिन की चिंता
केटलिन कालिनोव्स्की का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस राष्ट्रीय सुरक्षा में अहम भूमिका निभा सकता है। लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि अगर इन तकनीकों पर पर्याप्त निगरानी और नियम नहीं होंगे तो इनके गलत इस्तेमाल का खतरा बढ़ सकता है।
उन्होंने X पर अपने पोस्ट में लिखा कि एआई का राष्ट्रीय सुरक्षा में महत्वपूर्ण रोल है, लेकिन अमेरिकियों की निगरानी बिना न्यायिक निगरानी के करना और बिना मानव अनुमति के घातक स्वायत्त सिस्टम का इस्तेमाल ऐसे मुद्दे हैं जिन पर ज्यादा गंभीर चर्चा होनी चाहिए।
केटलिन ने यह भी कहा कि पेंटागन के साथ यह समझौता बहुत जल्दी घोषित कर दिया गया और इस तकनीक के इस्तेमाल को लेकर जरूरी सुरक्षा उपाय तय करने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया। उनके मुताबिक यह मुद्दा मुख्य रूप से गवर्नेंस और निर्णय लेने की प्रक्रिया से जुड़ा है।
उन्होंने लिखा, 'यह सबसे पहले गवर्नेंस से जुड़ा मामला है। इतने महत्वपूर्ण फैसलों में जल्दबाजी नहीं होनी चाहिए।'
OpenAI ने इस साझेदारी का बचाव किया है। कंपनी का कहना है कि इस समझौते में एआई मॉडल के इस्तेमाल को लेकर जरूरी सुरक्षा उपाय शामिल हैं।
कंपनी ने कहा, 'हम जानते हैं कि इन मुद्दों पर लोगों की मजबूत राय हो सकती है। हम कर्मचारियों, सरकार, सिविल सोसायटी और दुनियाभर की कम्युनिटीज के साथ इस विषय पर चर्चा जारी रखेंगे।'