Patanjali Foods Share Price: 19 मार्च को पतंजलि फूड्स के शेयर इंट्रा डे में 5.26 प्रतिशत तक नीचे आए। हालांकि बाद में गिरावट थोड़ी कम हो गई। दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने एक केस में बाबा रामदेव (Baba Ramdev) और आचार्य बालकृष्ण (Acharya Balakrishna) को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का आदेश दिया है। यह केस कई बीमारियों को स्थायी रूप से ठीक करने का दावा करने वाले भ्रामक विज्ञापनों को लेकर है। कोर्ट ने नियमों का उल्लंघन करते हुए बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि आयुर्वेद (Patanjali Ayurved) की ओर से ऐसे विज्ञापन जारी रखे जाने को लेकर अवमानना कार्यवाही शुरू की है। इसी कार्यवाही के सिलसिले में जवाब देने के लिए कोर्ट ने बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण को पेश होने को कहा है।
इस आदेश का असर पतंजलि फूड्स के शेयरों पर भी देखने को मिला। बीएसई पर सुबह शेयर गिरावट में 1410.10 रुपये पर खुला। दिन में यह पिछले बंद भाव से 5.26 प्रतिशत तक गिरकर 1342.05 रुपये पर आ गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर 4.4 प्रतिशत टूटकर 1353.60 रुपये पर सेटल हुआ।शेयर के लिए अपर प्राइस बैंड 1,699.90 रुपये और लोअर प्राइस बैंड 1,133.30 रुपये है। सर्किट लिमिट 20 प्रतिशत है।
फरवरी में जारी हुआ था अवमानना नोटिस
इस साल फरवरी में सुप्रीम कोर्ट ने ड्रग्स एंड मैजिक रेमेडीज (आपत्तिजनक विज्ञापन) अधिनियम, 1954 और इसके नियमों के उल्लंघन में प्रोडक्ट्स के विज्ञापन प्रकाशित करने के लिए पतंजलि आयुर्वेद और इसके मैनेजिंग डायरेक्टर आचार्य बालकृष्ण के खिलाफ अवमानना नोटिस जारी किया था।
Patanjali Foods दे रही ₹6/शेयर का डिविडेंड
कंपनी के बोर्ड की 13 मार्च को हुई मीटिंग में वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 6 रुपये प्रति शेयर के इंटरिम डिविडेंड को मंजूरी दी गई। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया कि पात्र शेयरधारकों को डिविडेंड का भुगतान 11 अप्रैल 2024 को या इससे पहले कर दिया जाएगा। Patanjali Foods का शेयर 21 मार्च को एक्स-डिवडेंड ट्रेड करने वाला है। इस तारीख तक जिन शेयरधारकों के पास कंपनी के शेयर होंगे, वे डिविडेंड पाने के हकदार होंगे।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।