Paytm Share Price: फिनटेक कंपनी पेटीएम (Paytm) के एक बड़े निवेशक अलीबाबा (Alibaba) ने आज बल्क डील में बड़ी हिस्सेदारी बेची है। सूत्रों के मुताबिक, Alibaba ने आज बल्क डील (Bulk Deal) में पेटीएम के करीब 2 करोड़ शेयर बेच दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, 12 जनवरी को Alibaba ने 540 रुपए प्रति शेयर के हिसाब से 2 करोड़ शेयर बेचे हैं। यह Paytm की कुल इक्विटी का करीब 3.1% है। अलीबाबा ने जिस भाव पर अपने शेयर बेचे हैं वह पेटीएम के मार्केट प्राइस के मुकाबले कम है।
बता दें कि पेटीएम ने सोमवार, 9 जनवरी को एक मीडिया रिलीज के जरिये जानकारी दी थी कि कंपनी ने दिसंबर 2022 में पेमेंट्स और लोन डिस्ट्रीब्यूशन बिजनेस में मजबूत ग्रोथ हासिल की है। दिसंबर 2022 में कंपनी ने 3,665 करोड़ रुपये (44.3 करोड़ डॉलर) के लोन दिए जो सालाना आधार पर 330 फीसदी ज्यादा हैं। Paytm ने ये भी बताया था कि दिसंबर तिमाही के दौरान उसने 10 लाख पेमेंट डिवाइसेज भी जोड़े हैं। दिसंबर, 2022 तक उसके पेमेंट डिवाइसेज के मर्चेंट पेइंग सब्सक्रिप्शन की संख्या बढ़कर 58 लाख के स्तर पर पहुंच गई।
पेटीएम नाम से फिनटेक प्लेटफॉर्म चलाने वाली One 97 Communications ने बताया है कि दिसंबर 2022 में समाप्त तिमाही के दौरान 8.5 करोड़ औसत मंथली यूजर्स के साथ पेटीएम सुपर ऐप (Paytm Super App)पर कंपनी का कंज्यूमर इंगेजमेंट अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। ये सालाना आधार पर 32 फीसदी ज्यादा है।
इस शेयर की आज की चाल पर नजर डालें तो एनएसई पर आज ये शेयर 35.95 (-6.21%) अंकों की गिरावट के साथ 543.20 रुपए पर बंद हुआ है। आज का इसका दिन का लो 528.10 रुपए का है। वहीं, दिन का हाई 578.65 रुपए का है। स्टॉक का 52 वीक लो 438.35 रुपए और 52 वीक हाई 1145.90 रुपए का है। कंपनी का मार्कट कैप 35271 करोड़ रुपए और वॉल्यूम 35480930 शेयरों का है। ये स्टॉक 1 हफ्ते में 0.31 फीसदी भागा है। वहीं, 1 महीने में 2.73 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। जबकि पिछले तीन महीने में ये स्टॉक 22.48 फीसदी टूटा है। वहीं, इस साल अब तक पेटीएम में 2.30 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। जबकि पिछले 1 साल में ये शेयर 49.83 फीसदी टूटा है।
आने वाले दिनों में पेटीएम के शेयरों में और गिरावट आ सकती है। कंपनी के एक और निवेशक जापान के Soft Bank के लिए लॉकइन पीरियड इस हफ्ते 15 जनवरी को खत्म हो रहा है।