Paytm Share Price: फिनेटक कंपनी पेटीएम के शेयरों में आज फिर खरीदारी का रुझान लौटा है। इससे पहले लगातार तीन कारोबारी दिनों में यह लोअर सर्किट पर आ गया था और इसी पर बंद भी हुआ था। हालांकि अब आज खरीदारी का रुझान दिख रहा है और शेयर इंट्रा-डे में बीएसई पर 7.79 फीसदी उछलकर 472.50 रुपये पर पहुंच गए। इसके शेयरों में बिकवाली का रुझान केंद्रीय बैंक RBI की एक कार्रवाई के चलते था जिसके तहत पेटीएम पेमेंट्स बैंक (Paytm Payments Bank) की पर कड़े प्रतिबंध लगे हैं। आज इसके शेयरों में अच्छी रिकवरी दिखी और दिन के आखिरी में BSE पर यह 3.02 फीसदी की मजबूती के साथ 451.60 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। हालांकि इंट्रा-डे में यह 395.50 रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर तक फिसल गया था।
Paytm में क्यों लौटा खरीदारी का रुझान
पेटीएम के शेयरों में RBI की कार्रवाई के चलते बिकवाली का भारी दबाव दिख रहा था। पेटीएम के शेयरों में RBI की कार्रवाई के चलते बिकवाली का भारी दबाव दिख रहा था। आज इसके शेयरों में खरीदारी का रुझान जियो फाइनेंशियल सर्विसेज और पेटीएम के स्पष्टीकरण के चलते दिख रहा है। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने कहा कि वह पेटीएम के वालेट बिजनेस खरीदने के लिए कोई बातचीत नहीं कर रही है तो पेटीएम ने भी एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि जियो फाइनेंशियल सर्विसेज से उसकी कोई बातचीत नहीं हो रही है। इसने पेटीएम के शेयरों के लिए पॉजिटिव माहौल तैयार कर दिया।
इससे पहले पेटीएम के शेयरों की बिकवाली को मौके के तौर पर भुनाते हुए मॉर्गन स्टैनले एशिया ने कुछ एंटिटीज के लिए इसके 50 लाख शेयर खरीद लिए लेकिन यह भी शेयरों को लेकर पॉजिटिव रुझान नहीं बना पाया और यह लोअर सर्किट से उठ नहीं पा रहा था। हालांकि पेटीएम की तरफ से कुछ सफाईयां ऐसी आईं कि शेयरों को लेकर कुछ हद तक पॉजिटिव रुझान बना। एक तो कंपनी के फाउंडर और सीईओ विजय शेखर शर्मा ने कहा कि कोई छंटनी नहीं होगी और दूसरे ये कि कंपनी ने 4 फरवरी को एक्सचेंज फाइलिंग में उन रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया जिसमें ED की जांच की बात थी।
कंपनी के सीईओ विजय ने एंप्लॉयीज से कहा कि अभी इसे लेकर कुछ भी पक्के तौर पर वहीं कह सकते कि क्या गलतियां हुई लेकिन जल्द ही इसे सुलझा लिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि RBI के पास जाया जाएगा कि इस मामले में क्या किया जा सकता है। वहीं दूसरी तरफ कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अगर मनी लॉन्ड्रिंग का कोई आरोप लगता है तो इसकी जांच ED को सौंपी जा सकती है। इस पर पेटीएम ने सफाई दी कि पेटीएम या इससे जुड़ी किसी भी कंपनी को ED की जांच का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
कितना नीचे आ चुका है शेयर
पेटीएम के शेयर पिछले साल 20 अक्टूबर 2023 को BSE पर एक साल के हाई 998.30 रुपये पर थे। इस लेवल से 4 महीने में ही यह 60 फीसदी से अधिक फिसलकर आज रिकॉर्ड निचले स्तर 395.50 रुपये तक आ गया था। इससे पहले 23 नवंबर 2022 को पेटीएम इंट्रा-डे में एनएसई पर 438.35 रुपये के निचले स्तर तक लुढ़का था। अब आज यह लेवल भी ब्रेक हो गया।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।