पेटीएम (Paytm) की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस (One97 Communications) के शेयरों के सामने इसकी लिस्टिंग के करीब एक साल बाद अब एक और मुश्किल आ खड़ी हुई है। Paytm के शेयरों की लॉक-इन अवधि इस सप्ताह खत्म हो रही है। इसके साथ ही निवेशकों को अब उन शेयरों को बेचने की आजादी मिल जाएगी, जिन्हें अभी तक शेयर बाजार में लाने की अनुमति नहीं थी। Paytm के सबसे बड़े शेयरधारकों में चीन की अलीबाबा ग्रुप होल्डिंग लिमिटेड (Alibaba Group Holding Ltd) और इसकी फिनटेक सहयोगी एंट ग्रुप कंपनी (Ant Group Co) शामिल है। इसके अलावा जापान का सॉफ्टबैंक ग्रुप (SoftBank Group) भी इसके बड़े शेयरधारकों में शामिल है।
Paytm लाई थी देश का सबसे बड़ा IPO
Paytm अपने फाउंडर विजय शेखर शर्मा (Vijay Shekhar Sharma) की अगुआई में पिछले साल नवंबर में अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लेकर आई थी, जो उस वक्त देश का सबसे बड़ा आईपीओ था। हालांकि इसकी लिस्टिंग काफी खराब रही थी। इसके बाद से कंपनी को अपना रेवेन्यू बढ़ाने के लिए भारी खर्च करना पड़ा है। निवेशक पिछले कुछ समय बहुत तेजी से घाटा में रहने वाले स्टार्टअप से दूरी बना रहे हैं, जिसके चलते पेटीएम भी तब से अपने घाटे को कम करने की कोशिशों में जुटी हुई है।
वेल्थ मैनेजमेंट फर्म KRChoksey Holdings के मैनेजिंग डायरेक्टर देवेन चोकसी ने बताया, "बिना मुनाफे की चिंता किए कैश खर्च करने वाली कंपनियों को बड़े स्तर पर पैसे मिलने का जमाना सही मायने में चला गया है।" उन्होंने कहा, "यहां तक लॉक-इन पीरियड खत्म होने के बाद नए निवेशक भी कंपनी में अब भविष्य में फ्री कैश फ्लो को देखने के बाद ही आएंगे। तब तक शेयर में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।"
पेटीएम की मार्केट वैल्यू करीब 10 अरब डॉलर हुई कम
इस बीच Paytm के शेयर मंगलवार 15 नवंबर को 1% गिरकर 630.8 रुपये पर आ गए, जो इसके 2,150 रुपये प्रति शेयर के IPO प्राइस के एक तिहाई से भी काफी कम है। इसका मार्केट कैप इस समय 5 अरब डॉलर है, जो इसके शिखर से करीब 10 अरब डॉलर से भी कम है। ब्लूमबर्ग से पेटीएम के एक प्रवक्ता ने पुष्टि किया कि वन97 कम्युनिकेशंस के शेयरों का लॉक-इन पीरियड 15 नवंबर को खत्म हो रहा है।
Paytm के शेयरधारकों में कौन-कौन है शामिल
लॉक-इन पीरियड खत्म होने के बाद स्टॉक अक्सर गिर जाते हैं क्योंकि निवेशकों की तरफ से भारी बिकवाली करने से शेयरों पर दबाव पड़ता है। फिलहाल यह तुरंत स्पष्ट नहीं है कि Paytm के बड़े शेयरधारकों की बिक्री रणनीति क्या होगी। Ant और Alibaba के पास कंपनी के 30% से अधिक शेयर हैं, जबकि सॉफ्टबैंक करीब 17.5% हिस्सेदारी का मालिक है। वहीं दिग्गज अमेरिकी निवेशक वॉरेन बफे (Warren Buffet) की कंपनी बर्कशायर हैथवे के पास Paytm की लगभग 2.5% हिस्सेदारी है।