पेटीएम (Paytm) की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस (One97 Communications) के शेयरों के सामने इसकी लिस्टिंग के करीब एक साल बाद अब एक और मुश्किल आ खड़ी हुई है। Paytm के शेयरों की लॉक-इन अवधि इस सप्ताह खत्म हो रही है। इसके साथ ही निवेशकों को अब उन शेयरों को बेचने की आजादी मिल जाएगी, जिन्हें अभी तक शेयर बाजार में लाने की अनुमति नहीं थी। Paytm के सबसे बड़े शेयरधारकों में चीन की अलीबाबा ग्रुप होल्डिंग लिमिटेड (Alibaba Group Holding Ltd) और इसकी फिनटेक सहयोगी एंट ग्रुप कंपनी (Ant Group Co) शामिल है। इसके अलावा जापान का सॉफ्टबैंक ग्रुप (SoftBank Group) भी इसके बड़े शेयरधारकों में शामिल है।
