PB Fintech Crash: 36% टूटने के बाद पॉलिसीबाजार के शेयर पर नया अपडेट, HSBC और मोतीलाल ओसवाल ने दिए ये नए टारगेट

PB Fintech Stock Crash: बीमा रेगुलेटर IRDAI के कमीशन कैपिंग प्रस्तावों से पॉलिसीबाजार की पेरेंट कंपनी PB Fintech के शेयर में 36 फीसदी की ऐतिहासिक गिरावट आई और ₹31,000 करोड़ का मार्केट कैप साफ हो गया। इस भारी बिकवाली के बाद HSBC और मोतीलाल ओसवाल ने शेयर का टारगेट घटा दिया है। जानिए कंपनी की कमाई पर कितना पड़ेगा असर और क्या हो आगे की रणनीति

अपडेटेड Sep 25, 2026 पर 9:41 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म HSBC ने पीबी फिनटेक की रेटिंग को 'Hold' पर डाउनग्रेड कर दिया है

PB Fintech Share Outlook: बीमा रेगुलेटर IRDAI ने इंश्योरेंस डिस्ट्रीब्यूशन कमीशन की लिमिट फिक्स कर दी है। इस नए प्रस्ताव से पीबी फिनटेक यानी पॉलिसीबाजार के शेयर क्रैश हो गए। पिछले कारोबारी सत्र, 24 सितंबर को कंपनी का शेयर 36 फीसदी के लोअर सर्किट के साथ टूटकर ₹1,207.20 के 52-वीक लो पर बंद हुआ। इस भारी बिकवाली से कंपनी के मार्केट कैप एक ही दिन में ₹31,000 करोड़ से अधिक घटकर ₹55,860 करोड़ रह गया।

शेयर में आए इस बड़े क्रैश के बाद प्रमुख ग्लोबल और घरेलू ब्रोकरेज हाउसों ने इस शेयर पर अपना आउटलुक और कमाई का अनुमान बुरी तरह घटा दिया है। आज शुक्रवार के कारोबारी सत्र में भी यह शेयर बाजार के रडार पर बना रहेगा। मार्केट ओपनिंग पर ने हरे निशान में शुरुआत की। शुरुआती सत्र में शेयर करीब 4% बढ़े फिर गिरावट देखने को मिली और खबर लिखे जाने तक यह 1.34% की गिरावट के साथ ₹1,193 के आसपास ट्रेड कर रहा है।

HSBC ने घटाया रेटिंग और 45% तक काटा टारगेट प्राइस


ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म HSBC ने पीबी फिनटेक की रेटिंग को 'Hold' पर डाउनग्रेड कर दिया है। इसके साथ ही टारगेट प्राइस को ₹2,100 से घटाकर सीधे ₹1,150 प्रति शेयर कर दिया है, जो 24 सितंबर के बंद भाव से भी लगभग 5% नीचे है।

कमाई का अनुमान घटा: HSBC ने IRDAI के प्रस्तावों के कारण कंपनी के वित्त वर्ष 2028 (FY28) और वित्त वर्ष 2029 (FY29) के EPS अनुमान में क्रमशः 56% और 17% की बड़ी कटौती की है।

ब्रोकरेज का रुख: ब्रोकरेज का कहना है कि टेक-रेट में कमी से कंपनी पर असर पड़ेगा, हालांकि मजबूत ग्रोथ और लागत में कटौती से कुछ राहत मिल सकती है। जब तक रेगुलेटरी स्थिति साफ नहीं होती, शेयर में अनिश्चितता बनी रहेगी।

मोतीलाल ओसवाल: वर्स्ट-केस सिनेरियो में 46% तक घट सकती है कमाई

घरेलू ब्रोकरेज हाउस मोतीलाल ओसवाल ने भी शेयर पर 'Neutral' रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹1,150 का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज ने दो अलग-अलग परिस्थितियों का विश्लेषण किया है:

30% रेवेन्यू हिट: IRDAI के नए नियमों से वित्त वर्ष 2028 में पीबी फिनटेक के कोर ऑनलाइन इंश्योरेंस रेवेन्यू में लगभग 30% का झटका लग सकता है।

कमाई पर 46% की मार: अगर कंपनी अपने खर्चों में कटौती नहीं कर पाती, तो उसकी नेट इनकम 46% तक घट सकती है। इस स्थिति में शेयर का वैल्यूएशन 73 गुना के PE मल्टीपल पर आ जाएगा।

30% कमाई हिट: अगर कंपनी अपने एंप्लॉय और एडवर्टाइजिंग खर्चों में 20% की कटौती करती है, तो कमाई में गिरावट 30% तक सीमित रह सकती है।

क्यों क्रैश हुए PB Fintech के शेयर? 

इंश्योरेंस रेगुलेटर IRDAI ने इंश्योरेंस डिस्ट्रीब्यूशन इकोनॉमिक्स में बदलाव के लिए एक कंसल्टेशन पेपर जारी किया है। इसमें हेल्थ, मोटर और लाइफ इंश्योरेंस में मिलने वाले कमीशन की ऊपरी सीमा तय करने का प्रस्ताव है:

हेल्थ इंश्योरेंस: नई पॉलिसी पर 15-20% कमीशन, जबकि रिन्यूअल और पोर्टिंग पर इसे घटाकर 5-10% करने का प्रस्ताव।

मोटर और लाइफ इंश्योरेंस: मोटर इंश्योरेंस में भी कमीशन कैपिंग का प्रस्ताव है, जबकि लाइफ इंश्योरेंस में पॉलिसी की अवधि के आधार पर पहले साल का कमीशन 5-20% तय करने का सुझाव दिया गया है।

2026 में अब तक 33% टूटा शेयर

वर्ष 2026 में अब तक पीबी फिनटेक का शेयर 33.2 फीसदी टूट चुका है, जबकि इस दौरान निफ्टी 50 में 11.8 फीसदी की गिरावट आई है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि जब तक IRDAI अपने अंतिम नियमों की घोषणा नहीं कर देता, तब तक पॉलिसीबाजार के शेयर पर दबाव और अस्थिरता बनी रह सकती है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।