PB Fintech Share Price: पॉलिसीबाजार और पैसाबाजार प्लेटफॉर्म की ओनर पीबी फिनटेक के शेयरों में 19 फरवरी को 10 प्रतिशत तक का उछाल देखा गया। शुक्रवार 16 फरवरी को कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया था कि मार्केट रेगुलेटर IRDAI (Insurance Regulatory and Development Authority of India) ने कंपनी की सब्सिडियरी पॉलिसीबाजार इंश्योरेंस ब्रोकर्स (Policybazaar Insurance Brokers) के लाइसेंस को डायरेक्ट इंश्योरेंस ब्रोकर से कंपोजिट इंश्योरेंस ब्रोकर में अपग्रेड किया है।
इससे अब यह रिइंश्योरेंस प्रोडक्ट भी बेच सकेगी। कंपोजिट इंश्योरेंस ब्रोकर के पास साधारण बीमा और स्वास्थ्य बीमा प्रोडक्ट बेचने के साथ-साथ रिइंश्योरेंस प्रोडक्ट बेचने का भी अधिकार होता है।बीएसई पर सुबह PB Fintech शेयर बढ़त के साथ 966.15 रुपये पर खुला और जल्द ही पिछले बंद भाव से 10 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दर्ज करता हुआ 1029 रुपये के हाई तक चला गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर 7.7 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1003.60 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप बीएसई पर 45467 करोड़ रुपये हो चुका है।
एक साल में 90% चढ़ा पीबी फिनटेक शेयर
शेयर के रिटर्न की बात करें तो पीबी फिनटेक ने पिछले 1 साल में 90 प्रतिशत और 6 महीने में 29 प्रतिशत की मजबूती देखी है। पीबी फिनटेक शेयर का 52 सप्ताह का उच्च स्तर 1050.10 रुपये और अपर प्राइस बैंड 20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1118.20 रुपये है।
Q3 में कैसे रहे पीबी फिनटेक के नतीजे
वित्तीय मजबूती की बात करें तो वित्त वर्ष 2023-24 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में पीबी फिनटेक का कंसोलिडेटेड बेसिस पर शुद्ध मुनाफा 38 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी को 87.3 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। दिसंबर 2023 तिमाही में कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 43 प्रतिशत बढ़कर 871 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी के कोर ऑनलाइन मार्केटप्लेस पॉलिसीबाजार और पैसाबाजार से रेवेन्यू 39 प्रतिशत बढ़कर 593 करोड़ रुपये रहा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।