नायका (Nykaa) की पैरेंट कंपनी FSN ई-कॉमर्स वेंचर्स लिमिटेड (FSN E-Commerce Ventures Ltd) के शेयरों में कल यानी मंगलवार 22 नवंबर को एक और बड़ी ब्लॉक डील (Block Deal) देखने को मिल सकती है। हमारे सहयोगी न्यूज चैनल, CNBC-Awaaz की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय प्राइवेट इक्विटी फर्म लाइटहाउस (Lighthouse), नायका में अपनी करीब 320 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी को एक ब्लॉक डील के जरिए बेचेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, इन शेयरों को 180 से 183.5 प्रति शेयर के भाव पर बिक्री के लिए रखा गया है। यह Nykaa के मौजूदा बाजार भाव से करीब 2 फीसदी के डिस्काउंट पर है।
Bank of America इस डील पर बतौर ब्रोकर काम कर रही है। वहीं ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, लाइटहाउस इंडिया फंड III लिमिटेड और लाइटहाउस इंडिया III एंप्लॉयी ट्रस्ट ने मिलकर करीब 1.86 करोड़ शेयरों को ब्लॉक डील के जरिए बिक्री के लिए रखा है। यह लाइटडाउस की Nykaa में पूरी हिस्सेदारी है और इस डील के बाद यह नायका से पूरी तरह से निकल जाएगी।
प्री-IPO निवेशकों के लिए 10 नवंबर को खत्म हुआ लॉक-इन पीरियड
Nykaa के शेयरों में इससे पहले भी कई ब्लॉक डील हुए
सिटीग्रुप ने 10 नवंबर को Nykaa के लिए एक ब्लॉक डील पूरी की थी। इसके तहत कंपनी के करीब 306 करोड़ रुपये के शेयर बेचे गए थे। वहीं 18 नवंबर को Mala Gopal Gaonkar ने ओपन मार्केट ट्रांजेक्शन के जरिए नायका के 1,009 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे थे। यह सौदा 175.48 रुपये प्रति शेयर की दर पर हुआ। जबकि अमेरिकी इनवेस्टमेंट कंपनी TPG Capital के भी नायका के 5.4 करोड़ शेयर 18 नवंबर को बेचे।
Nykaa के शेयर आज 4.63% लुढ़के
इस बीच Nykaa के शेयर सोमवार 21 नवंबर को एनएसई पर 4.63 फीसदी गिरकर 183.50 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयर करीब 3.75 फीसदी लुढ़के हैं। वहीं इस साल की शुरुआत से अब तक इनमें करीब 47.23 फीसदी की गिरावट आ चुकी है।
सितंबर तिमाही में Nykaa का मुनाफा बढ़ा
Nykaa ने मौजूदा वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में 5.19 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 1.17 करोड़ रुपये रहा था। नायका का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू सितंबर तिमाही के दौरान 1,230.8 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में दर्ज किए गए 885.26 करोड़ रुपये के मुनाफे से 39 फीसदी अधिक है।