पेट्रोनेट LNG लिमिटेड के शेयरों में 23 मार्च को भी गिरावट है। शेयर की कीमत शुरुआती कारोबार में पिछले बंद भाव से 8.5 प्रतिशत तक गिर गई। BSE पर 52 वीक का नया लो 235.45 रुपये क्रिएट हुआ। बाद में शेयर 7.6 प्रतिशत गिरावट के साथ 238 रुपये पर सेटल हुआ। पश्चिम एशिया में US-ईरान संघर्ष के कम होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं। शेयर लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में नीचे आया है। शुक्रवार को स्टॉक में 5 प्रतिशत की गिरावट आई थी। गुरुवार को यह 7% टूटा था।
पेट्रोनेट LNG पर QatarEnergy की समस्याओं का सबसे ज्यादा असर पड़ा है। QatarEnergy ने अपने रास लफान इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स पर ईरान के हमलों के कारण 'फोर्स मैज्योर' (अप्रत्याशित घटना के कारण कॉन्ट्रैक्ट के मुताबिक प्रोडक्शन/सप्लाई न होना) घोषित किया है। इससे उसकी कुल निर्यात क्षमता का लगभग 17% हिस्सा प्रभावित हुआ है। QatarEnergy के CEO के अनुसार, 14 LNG ट्रेनों में से दो को लंबे समय तक चलने वाला नुकसान पहुंचा है, जिसके कारण 12.8 मिलियन टन क्षमता, या कुल क्षमता का 17%, 3 से 5 साल तक बंद रह सकता है।
इसके कारण उन्हें इटली और चीन जैसे देशों के साथ किए गए लंबी अवधि के कॉन्ट्रैक्ट्स पर 'फोर्स मैज्योर' घोषित करना पड़ेगा। हालांकि इस सूची में भारत का नाम शामिल नहीं है। Petronet LNG के मैनेजमेंट का कहना है कि QatarEnergy के रास लफान इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स पर हुए हमलों के दौरान भारत के लिए खास तौर पर बनी LNG ट्रेनें (यूनिट्स) क्षतिग्रस्त नहीं हुईं।
नोमुरा ने Petronet LNG का घटाया टारगेट
शुक्रवार को ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने पेट्रोनेट LNG लिमिटेड के शेयरों के लिए प्राइस टारगेट 370 रुपये से घटाकर 340 रुपये प्रति शेयर कर दिया। हालांकि "बाय" रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज का मानना है कि पश्चिम एशिया में चल रहे संकट से Petronet LNG के नियर टर्म के वॉल्यूम पर बुरा असर पड़ सकता है। नोमुरा ने कंपनी के लिए वित्त वर्ष 2027 के EBITDA अनुमानों में 23% की कटौती की है। पेट्रोनेट LNG के शेयर को 33 एनालिस्ट कवर कर रहे हैं। इनमें से 19 ने स्टॉक के लिए 'बाय' रेटिंग दी है। 8 ने 'होल्ड' और 6 ने 'सेल' रेटिंग दी है।
कंपनी का मार्केट कैप 35700 करोड़ रुपये है। शेयर एक महीने में 22 प्रतिशत और एक सप्ताह में 16 प्रतिशत नीचे आया है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। Petronet LNG का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 11,163.83 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा 848.29 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2025 के दौरान कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 50,979.56 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 3,926.37 करोड़ रुपये रहा।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।