PhysicsWallah Q2 Results: एडटेक कंपनी PhysicsWallah ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में मजबूत नतीजे दर्ज किए हैं। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर लगभग दोगुना यानी 101% बढ़कर होकर ₹145.5 करोड़ पहुंच गया। वहीं, रेवेन्यू 18.2% बढ़कर ₹1,242 करोड़ रहा।
फिजिक्सवाला का EBITDA सितंबर तिमाही में 52.5% बढ़कर ₹276 करोड़ हो गया। EBITDA मार्जिन भी 17.2% से बढ़कर 22.2% पहुंच गया। तिमाही के दौरान कंपनी ने ₹20 करोड़ का गुडविल इम्पेयरमेंट दर्ज किया। वहीं, ₹10 करोड़ का फेयर वैल्यू गेन भी हुआ।
PhysicsWallah के फाउंडर और CEO अलख पांडे ने कहा कि कंपनी ने रिकॉर्ड रेवेन्यू और मुनाफे में मजबूत सुधार दर्ज किया है। K-12, क्षेत्रीय भाषाओं और नए सेगमेंट में छात्रों की संख्या बढ़ रही है। कंपनी का फोकस किफायती, टेक्नोलॉजी बेस्ड एजुकेशन और पूंजी के बेहतर इस्तेमाल पर है।
NEET में दाखिले 30% से ज्यादा बढ़े
सितंबर तिमाही में PhysicsWallah के NEET कोर्स में दाखिले 30% से ज्यादा बढ़े। कंपनी के मुताबिक, NEET UG परीक्षा टलने के बाद टली हुई मांग इस तिमाही में सामने आई।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी का ऑनलाइन रेवेन्यू 29% बढ़ा। वहीं, ऑनलाइन कलेक्शन में 17% की बढ़त दर्ज की गई। कंपनी ने बताया कि कोर्स फीस को प्रोग्राम की अवधि के हिसाब से रेवेन्यू में शामिल किया जाता है। इसी वजह से दोनों आंकड़ों में अंतर रहा।
साउथ इंडिया से पहली छमाही में 9% रेवेन्यू
दक्षिण भारत PhysicsWallah के लिए एक अहम ग्रोथ मार्केट बन रहा है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में करीब 1.5 करोड़ छात्रों का बाजार है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में इस क्षेत्र से कंपनी को 9% रेवेन्यू मिला।
कंपनी क्षेत्रीय भाषाओं में ऑनलाइन शिक्षा का विस्तार कर रही है। इसके लिए 70 से ज्यादा क्षेत्रीय भाषा के शिक्षक और 24 से अधिक YouTube चैनल हैं। इन चैनलों के करीब 20 लाख सब्सक्राइबर हैं।
पहली छमाही में PW ऐप पर दक्षिण भारत के छात्रों की संख्या सालाना आधार पर 32% बढ़कर 4.1 लाख हो गई। वहीं, फीस देकर पढ़ने वाले छात्रों की संख्या 14% बढ़कर 1.17 लाख रही। कंपनी इस क्षेत्र में 63 सेंटर भी संचालित करती है।
KCET में छात्रों के प्रदर्शन में सुधार
PhysicsWallah के छात्रों के अकादमिक प्रदर्शन में भी सुधार देखने को मिला है। कर्नाटक कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (KCET) में इस साल 79 छात्रों ने 5,000 से बेहतर रैंक हासिल की। पिछले साल यह संख्या 53 थी। कंपनी के मुताबिक, बेहतर नतीजे क्षेत्र में उसकी ब्रांड मौजूदगी मजबूत करने में मदद कर रहे हैं।
फिजिक्सवाला का शेयर बुधवार को 0.88% की गिरावट के साथ 127.51 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में इसने 16.54% का रिटर्न दिया है। हालांकि, 1 साल में 17.86% गिरावट आई है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।