Prestige Estates Share Price: देश के दिग्गज रियल एस्टेट डेवलपर्स में शुमार प्रेस्टिज एस्टेट्स ने हैदराबाद में दो अहम प्रोजेक्ट के पूरा होने का ऐलान किया। साथ ही कनाडा पेंशन प्लान इंवेस्टमेंट्स ने इसके हॉस्पिटैलिटी प्लेटफॉर्म में ₹3000 करोड़ के निवेश का ऐलान किया तो शेयर झूम उठे। इस दोहरे सपोर्ट पर कंपनी के शेयर 3% से अधिक उछल पड़े। ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली के बावजूद अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 3.02% की बढ़त के साथ ₹1465.00 पर है। इंट्रा-डे में यह 3.21% चढ़कर ₹1,467.60 तक पहुंच गया था।
Prestige Estates के कौन-से दो अहम प्रोजेक्ट हुए पूरे
प्रेस्टिज एस्टेट्स ने हैदराबाद में दो लैंडमार्क रेजिडेंशियल डेवलपमेंट्स पूरे किए हैं। इसमें से एक प्रेस्टिज क्लेयरमोंट कोकापेट में है और इसमें 928 घर हैं तो दूसरा बेलाजियो-द प्रेस्टिज सिटी हैदराबाद राजेंद्र नगर में है, जिसमें 119 विला हैं। प्रेस्टिज क्लेयरमोंट (Prestige Clairemont) 7.56 एकड़ में फैला हुआ है और इसमें 4 टॉवर हैं। वहीं बेलाजियो @ द प्रेस्टिज सिटी हैदराबाद (Bellagio @ The Prestige City Hyderabad) करीब 24 एकड़ में फैला हुआ है।
₹3000 करोड़ के निवेश में क्या है खास
प्रेस्टिज एस्टेट्स ने 29 सितंबर को एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि सीपीपी इंवेस्टमेंट्स ने प्रेस्टिज हॉस्पिटैलिटी वेंचर्स में निवेश के जरिए देश के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में डायरेक्ट एंट्री की है। कनाडा पेंशन प्लान इंवेस्टमेंट बोर्ड (CPP इंवेस्टमेंट्स) ने प्रेस्टिज हॉस्पिटैलिटी में करीब ₹3000 करोड़ (C$44.1 करोड़) के निवेश का ऐलान किया है और इस निवेश के साथ यह करीब 27% हिस्सेदारी हासिल करेगा।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
प्रेस्टिज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स के शेयरों ने निवेशकों को तगड़ा शॉक दिया है। पिछले साल 3 नवंबर 2025 को बीएसई पर यह ₹1,804.65 पर था, जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस हाई लेवल से 5 ही महीने में यह 39.58% गिरकर 2 अप्रैल 2026 को ₹1,090.45 पर आ गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।