आने वाली तिमाही में मजबूत ग्रोथ जारी रहने की उम्मीद सरकारी बैंकों के शेयरों (PSU Bank shares) को ऊर्जा दे रही है। कमजोर बाजार में भी पीएसयू बैंक शेयर अच्छी तेजी दिखा रहे हैं। BSE पर आज इंट्राडे में बैंकिंग इंडेक्स में 4 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली। निफ्टी का PSU बैंक इंडेक्स आज इंट्राडे में 0.82 फीसदी की तेजी के साथ 4196 का नया हाई लगाता दिखा है। वहीं, Nifty 50 index 12:25 बजे के आसपास करीब 0.50 फीसदी की कमजोरी के साथ 18605 के आसपास दिख रहा था।
बैंक ऑफ इंडिया (Bank of India), बैंक ऑफ बड़ोदा (Bank of Baroda),बैंक ऑफ महाराष्ट्र (Bank of Maharashtra), यूको बैंक (UCO Bank), पंजाब एंड सिंध बैंक (Punjab & Sind Bank), इंडियन ओवरसीज बैंक (Indian Overseas Bank), यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (Union Bank of India) और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (Central Bank of India) में आज एनएसई पर इंट्राडे में 1-4 फीसदी की तेजी देखने को मिली। इनमें से भी बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ोदा और पंजाब एंड सिंध बैंक आज अपना 52 वीक हाई हिट करते दिखे।
जुलाई-सितंबर तिमाही (Q2FY23) में, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के GNPA में तिमाही आधार पर 0.39 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। वहीं, इसी अवधि में इसके रिस्ट्रक्चर्ड (R/s) बुक में 9 बेसिस प्वाइंट गिरावट दर्ज की गई है। इस दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा की एसेट क्वालिटी में सुधार का क्रम जारी रहा है। इस अवधि में बैंक ऑफ बड़ौदा जीएनपीए 95 बेसिस प्वाइंट की गिरावट देखने को मिली। इस अवधि में बैंक के रिस्ट्रक्चरिंग पूल में भी तीमाही आधार पर 30 बेसिस प्वाइंट की गिरावट दर्ज की गई है।
आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज (ICICI Securities)के एनलिस्ट्स का मानना है कि आगे इनकी एसेट क्वालिटी में और सुधार होता दिखेगा। वहीं, इन बैंकों के प्रबंधन की टिप्पणियों से भी यह संकेत मिलता है कि आगे बैंकों पर एसेट क्वालिटी से जुड़ी चिंता और कम होगी।
इस बीच आज इंट्रा-डे ट्रेड में SBI (एसबीआई) का शेयर 0.32 फीसदी बढ़कर 619.30 रुपये पर पहुंच गया। पिछले दो कारोबारी दिनों में इस स्टॉक में 2 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। यह स्टॉक 7 नवंबर, 2022 के 622.70 रुपये के अपने रिकॉर्ड हाई के बहुत करीब दिख रहा है।
पिछले हफ्ते सरकारी बैंक SBI ने इंफ्रास्ट्रक्चर बांड जारी करके 10000 करोड़ रुपये जुटाए थे। इन इंफ्रास्ट्रक्चर बांड्स की कूपन रेट (बांड्स पर मिलने वाला ब्याज) 7.51 फीसदी है। यह देश में किसी भी बैंक द्वारा जारी किया गया सबसे बड़ा सिंगल इंफ्रास्ट्रक्चर बांड है। एसबीआई ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि इस बॉन्ड के माध्यम से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल बुनियादी इंफ्रास्ट्रक्चर और अफोर्डेबल हाउसिंग की फंडिंग के लिए किया जाएगा। SBI के इस इंफ्रास्ट्रक्चर बांड को घरेलू क्रेडिट रेटिंग एजेंसियों से ट्रिपल ए क्रेडिट रेटिंग (AAA credit rating) मिली है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।