PSU Banks Stocks Prices: आरबीआई के नए नियम से पीएसयू बैंकों के शेयर फिसले, जानिए क्या है पूरा मामला

केंद्रीय बैंक ने एक्सपेक्टेड क्रेडिट लॉस (ECL) आधारित प्रोविजनिंग नियम को लागू करने के लिए बैंकों को और वक्त देने से इनकार कर दिया है। इसका असर 28 अप्रैल को सरकारी सहित सभी बैंकों के शेयरों पर दिखा। सरकारी बैंकों के शेयरों में ज्यादा गिरावट दिखी

अपडेटेड Apr 28, 2026 पर 12:49 PM
Story continues below Advertisement
मैक्वायरी ने कहा कि आरबीआई के फाइनल एसेट क्लासिफिकेशन और प्रोविजनिंग रूल्स से सरकारी बैंकों को ज्यादा प्रोविजनिंग करनी पड़ सकती है।

पीएसयू बैंकों के शेयरों पर 28 अप्रैल को दबाव दिखा। बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, पीएनबी के शेयरों में 3 फीसदी तक की गिरावट आई। इससे निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 1.90 फीसदी तक गिर गया। इस गिरावट की वजह आरबीआई का एक फैसला है। केंद्रीय बैंक ने एक्सपेक्टेड क्रेडिट लॉस (ECL) आधारित प्रोविजनिंग नियम को लागू करने के लिए बैंकों को और वक्त देने से इनकार कर दिया है। इसका मतलब है कि नया सिस्टम अगले साल 1 अप्रैल से लागू हो जाएगा।

नए नियम से बेंकों को ज्यादा प्रोविजनिंग करना पड़ सकता है

आरबीआई ने इस बारे में पहला ड्राफ्ट 7 अक्तूबर, 2025 को इश्यू किया था। अभी बैंक लॉस के बाद एसेट पर प्रोविजनिंग करते हैं। ईसीएल में एक्चुअल लॉस से पहले ही प्रोविजनिंग करना होगा। माना जाता है कि इससे बैंकों को अभी के मुकाबले ज्यादा प्रोवजिनिंग करना होगा। केंद्रीय बैंक ने 27 अप्रैल को कहा कि ईसीएल के सिस्टम का आसानी से लागू करने के लिए उसने कुछ उपाय किए हैं। इससे बैंकों पर नए सिस्टम की वजह से अचानक ज्यादा बोझ नहीं पड़ेगा।


सरकारी बैंकों की क्रेडिट कॉस्ट बढ़ने का अनुमान

मैक्वायरी ने कहा कि आरबीआई के फाइनल एसेट क्लासिफिकेशन और प्रोविजनिंग रूल्स से सरकारी बैंकों को ज्यादा प्रोविजनिंग करनी पड़ सकती है। 1 अप्रैल, 2027 से लागू होने वाला ईसीएल एक तीन स्टेज वाला प्रोविजनिंग मॉडल है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि प्राइवेट बैंक पर नए नियमों का कम असर पड़ेगा। नए सिस्टम से पीएसयू बैंकों की क्रेडिट कॉस्ट 20-25 बेसिस प्वाइंट्स बढ़ सकती है।

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के शेयर में ज्यादा गिरावट

28 अप्रैल को 12:30 बजे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का शेयर 1.54 फीसदी गिरकर 1,094 रुपये, बैंक ऑफ बड़ौदा 1.30 फीसदी गिरकर 270 रुपये, Union Bank of India 3.38 फीसदी गिरकर 170 रुपये, केनरा बैंक 2.68 फीसदी गिरकर 136 रुपये, बैंक ऑफ महाराष्ट्र1.48 फीसदी गिरकर 78.54 रुपये पर चल रहा था। निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स में शामिल सभी बैंकों के शेयर लाल निशान में चल रहे थे। निफ्टी बैंक इंडेक्स में 1.12 फीसदी की गिरावट आई। प्राइवेट बैंकों के शेयरों में भी गिरावट आई। लेकिन, उन पर दबाव थोड़ा कम दिखा।

यह भी पढ़ें: Paytm पर 6 ब्रोकरेज अभी भी पॉजिटिव, खरीदने की सलाह बरकरार; कहा- PPBL का लाइसेंस रद्द होने से नहीं पड़ेगा कोई सीधा असर

28 अप्रैल को सेंसेक्स और निफ्टी में भी गिरावट 

12:30 बजे निफ्टी 0.35 फीसदी यानी 82 अंक गिरकर 24,010 पर था। सेंसेक्स 0.48 फीसदी यानी 363 अंक गिरकर 76,944 पर था। इटर्नल के शेयरों में 3.85 फीसदी की गिरावट आई। जायडस का शेयर 2.52 फीसदी नीचे चल रहा था। इंटरग्लोब एविएशन 2.59 फीसदी नीचे चल रहा था। एक्सिस बैंक का शेयर 2.45 फीसदी कमजोर चल रहा था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।