Paytm पर 6 ब्रोकरेज अभी भी पॉजिटिव, खरीदने की सलाह बरकरार; कहा- PPBL का लाइसेंस रद्द होने से नहीं पड़ेगा कोई सीधा असर

Paytm Share Price: RBI ने पेमेंट्स बैंक नियमों का पालन न करने के कारण पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड का बैंकिंग लाइसेंस रद्द किया है। पेटीएम ने कहा है कि उसका PPBL के साथ कोई महत्वपूर्ण व्यावसायिक समझौता नहीं है। कोई भी सेवा PPBL के साथ साझेदारी में नहीं है

अपडेटेड Apr 28, 2026 पर 4:22 PM
Story continues below Advertisement
जेफरीज ने Paytm के शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग बरकरार रखते हुए 1,350 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है।

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (PPBL) का बैंकिंग लाइसेंस रद्द किए जाने से पेटीएम की पेरेंट कंपनी One 97 Communications Limited के फाइनेंस और ऑपरेशंस पर कोई सीधा असर पड़ने की संभावना नहीं है। यह बात ब्रोकरेज फर्मों ने कही है। एएनआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज ने एक रिपोर्ट में कहा है कि पेटीएम पर इस कार्रवाई का असर न के बराबर है। ऐसा इसलिए क्योंकि कंपनी PPBL के साथ अपने कमर्शियल समझौते पहले ही खत्म कर चुकी है और अपने इक्विटी निवेश को पूरी तरह से बट्टे खाते में डाल चुकी है।

जेफरीज ने Paytm की ग्रोथ पर पॉजिटिव आउटलुक बनाए रखा है। कहा है कि वित्तीय सेवाओं और भुगतानों में मजबूत प्रदर्शन के आधार पर वित्त वर्ष 2026-28 के दौरान रेवेन्यू 22 प्रतिशत CAGR (चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर) से बढ़ने की उम्मीद है। मार्जिन में सुधार की भी उम्मीद है। एडजस्टेड EBITDA मार्जिन के वित्त वर्ष 2028 तक 16 प्रतिशत तक पहुंचने की संभावना है। जेफरीज ने पेटीएम के शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग बरकरार रखते हुए 1,350 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है।

गोल्डमैन सैक्स की क्या राय


गोल्डमैन सैक्स का कहना है कि Paytm की PPBL में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी है, लेकिन उसने 2024 की शुरुआत में ही अपना पूरा निवेश बट्टे खाते में डाल दिया था। वर्तमान में उसे बैंक से कोई रेवेन्यू हासिल नहीं होता है। ब्रोकरेज ने Paytm के कारोबार में लगातार ग्रोथ का भी जिक्र किया। कंपनी की ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू (GMV) साल-दर-साल आधार पर 26 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ी है। गोल्डमैन सैक्स ने पेटीएम के शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग दोहराई है। लेकिन टारगेट प्राइस 1470 रुपये से घटाकर 1,400 रुपये प्रति शेयर कर दिया है।

इनवेस्टक इक्विटीज का कहना है कि PPBL पर आरबीआई की कार्रवाई का Paytm के कारोबार पर सीधा प्रभाव सीमित है। BofA Securities ने अपनी रिसर्च में कहा कि हालांकि इस एक्शन का पेटीएम के मौजूदा कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा है। लेकिन भविष्य में कंपनी के लिए कोई लाइसेंस हासिल करना मुश्किल हो सकता है, जैसे कि प्रीपेड इंस्ट्रूमेंट लाइसेंस।

बर्नस्टीन ने दोहराई 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग

इस बीच बर्नस्टीन ने कहा कि पेमेंट्स बैंक के बंद होने से Paytm के पेमेंट्स बिजनेस की बुनियादी मजबूती पर कोई असर नहीं पड़ता। बर्नस्टीन ने पेटीएम के लिए 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइस 1500 रुपये प्रति शेयर दिया है। कुल मिलाकर ब्रोकरेज फर्मों का मानना ​​है कि RBI की कार्रवाई के बाद भी Paytm का मुख्य बिजनेस ज्यादातर वैसा ही बना हुआ है।

Coal India का शेयर 4% से ज्यादा चढ़ा, अच्छे Q4 नतीजों और डिविडेंड के ऐलान से बढ़ी खरीद

One 97 Communications के शेयर की कीमत में 28 अप्रैल को मामूली गिरावट है। शेयर BSE पर 1129.10 रुपये पर बंद हुआ है। सोमवार को शेयर पहले 8 प्रतिशत टूटा, फिर रिकवर होकर महज 1 प्रतिशत से ज्यादा गिरावट के साथ बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 72000 करोड़ रुपये है। RBI ने पेमेंट्स बैंक नियमों का पालन न करने के कारण पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड का बैंकिंग लाइसेंस रद्द किया है। RBI ने कहा कि बैंक का संचालन जिस तरीके से किया जा रहा था, वह उसके जमाकर्ताओं के हितों के लिए हानिकारक था।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।