Hindustan Aeronautics HAL Shares : हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (एचएएल) के शेयरों की ऊंची उड़ान 2022 में जारी है। सोमवार, 12 सितंबर को बीएसई पर शेयर 7.44 फीसदी की तगड़ी रैली के साथ 2,613.15 रुपये पर बंद हुआ और इंट्राडे में शेयर ने 2,639 रुपये का अपना रिकॉर्ड हाई छूआ। शेयर को बड़े ऑर्डर के साथ मजबूत आउटलुक के दम पर सपोर्ट मिल रहा है।
इस साल यानी 2022 में अभी तक 112 फीसदी का दमदार रिटर्न दे चुका है, जबकि एसएंडपी बीएसई सेंसेक्स (S&P BSE Sensex) इस दौरान सिर्फ 1.7 फीसदी ही मजबूत हुआ है।
मार्च 2018 में आया था IPO
HAL के शेयर का शेयर बाजार में मार्च 2018 में आगाज हुआ था। कंपनी ने 1,215 रुपये प्रति शेयर की दर से आईपीओ के जरिये 4,113 करोड़ रुपये जुटाए थे। स्टॉक ने 24 मार्च, 2020 को अपना 448 रुपये का रिकॉर्ड लो छूआ था, तब से शेयर 475 फीसदी चढ़ चुका है। पिछले छह महीने में शेयर ने 83 फीसदी का दमदार रिटर्न दिया है।
HAL एयरक्राफ्ट, हेलिकॉप्टर, एयरोइंजन, एवियॉनिक्स, एसेसरीज और एयरोस्पेस स्ट्रक्चर्स सहित कई प्रोडक्ट्स की डिजाइन, डेवलपमेंट, मैन्युफैक्चर, रिपेयर, ओवरहॉल, अपग्रेड और सर्विस आदि से जुड़ी है। कंपनी को एयरोस्पेस के क्षेत्र में भारत की तीनों सेनाओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए बनाया गया था।
कई देशों में है तेजस की डिमांड
कंपनी के तेजस एयरक्रॉफ्ट और हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर जैसे प्रोडक्ट को भारत की सेनाओं के अलावा मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका जैसे देशों में भी पसंद किया जा रहा है। जिससे कंपनी को इन प्रोडक्टों के लिए बड़े ऑर्डर मिलने की उम्मीद बढ़ी है। इसके अलावा भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मिलिट्री और तीसरा सबसे बड़ा डिफेंस खर्च करने वाला देश है। उम्मीद है कि भारत की रक्षा सेनाओं की तरफ से की जाने वाली खरीद में HALको सबसे बड़ा हिस्सा मिलेगा।
इसके अलावा HALभारतीय डिफेंस फोर्स की जरूरतों को पूरा करने के लिए खास तरह के जेट एयरक्रॉफ्ट बनाने पर काम कर रहा है। मीडिया में हाल में आई खबरों के मुताबिक कंपनी एक आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस आधारित मल्टीरोल एडवांस और लंबी दूरी तक उड़ान भरने वाले के ड्रोन के डेवलपमेंट पर भी काम कर रही है। ये एक ऐसा ड्रोन होगा जो बहुत ऊंचाई वाले इलाकों में भी अपने स्ट्रैटजिक मिशन को अंजाम दे सकेगा।
जानिए क्या है ब्रोकरेज की राय
ICICI Direct के चिराग शाह ने इस स्टॉक को “buy” रेटिंग देते हुए इसके लिए अगले 12 महीने में 2860 रुपये का लक्ष्य दिया है। चिराग शाह का कहना है कि कंपनी की ऑर्डर बुक 82200 करोड़ रुपये है जो कि वित्त 2022 के इसके रेवेन्यू का 3.3 गुना है। कंपनी को एयरक्रॉफ्ट और हेलिकॉप्टर के काफी बड़े ऑर्डर मिले हैं। इसके अलावा मेंनटेनेंस, रिपेयरिंग और ओवरहॉल सेगमेंट की ऑर्डर पाइपलाइन भी काफी मजबूत है।
हाल में ही म़र्गन स्टैनली ने भी इस स्टॉक की कवरेज शुरु की है। मॉर्गन स्टैनली का कहना है कि भारत के एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज में ग्रोथ की व्यापक संभावना है। HAL को सिर्फ मैन्यूफैक्चरिंग सेगमेंट से ही आगे हमें 60 अरब डॉलर के ऑर्डर मिलते दिख सकते हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।