PSU Stocks: घाटे से मुनाफे में आई यह सरकारी कंपनी, रेवेन्यू में 120% का उछाल, 7% चढ़ गए शेयर

PSU Stocks: सालाना आधार पर जून तिमाही में यह कंपनी घाटे से मुनाफे में आई तो आज इसके शेयर रॉकेट की स्पीड से करीब 7% चढ़ गए। यह सरकारी कंपनी न सिर्फ मुनाफे में लौटी है बल्कि इसका रेवेन्यू भी दोगुना से अधिक हो गया है। चेक करें कि क्या यह स्टॉक आपके पोर्टफोलियो में है और इसके लिए जून 2026 तिमाही कैसी रही

अपडेटेड Jul 16, 2026 पर 10:52 AM
जून 2026 तिमाही में सरकारी तेल रिफाइनरी Mangalore Refinery सालाना आधार पर ₹270.7 करोड़ के घाटे से ₹945.7 करोड़ के शुद्ध मुनाफे में आई तो इसके शेयर रॉकेट बन गए।

Mangalore Refinery Share Price: घाटे से मुनाफे में आने पर मंगलौर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स के शेयर आज रॉकेट बन गए। कंपनी ने एक कारोबारी दिन पहले जून 2026 तिमाही के कारोबारी नतीजे पेश किए जिसमें कंपनी न सिर्फ मुनाफे में आ गई बल्कि रेवेन्यू भी दोगुने से अधिक बढ़ गया। इस धमाकेदार कारोबारी नतीजे का आज कंपनी के शेयरों ने जश्न मनाया और करीब 7% उछल पड़ा। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन निचले स्तर पर खरीदारी के चलते अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 5.99% की बढ़त के साथ ₹167.15 (MRPL Share Price) पर है। इंट्रा-डे में यह 6.91% चढ़कर ₹168.60 तक पहुंच गया था।

Mangalore Refinery के लिए कैसी रही जून तिमाही?

जून 2026 तिमाही में सरकारी तेल रिफाइनरी मंगलौर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स सालाना आधार पर ₹270.7 करोड़ के घाटे से ₹945.7 करोड़ के शुद्ध मुनाफे में आ गई। इस दौरान कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू भी करीब 120% बढ़कर ₹38,254.2 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर भी ईबीआईटीडीए ₹179.5 करोड़ से बढ़कर ₹1,317.6 करोड़ और EBITDA मार्जिन 1.03% से बढ़कर 3.44% पर पहुंच गया।


जून तिमाही में कंपनी ने अपने इंफ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क का भी विस्तार किया। इसे बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक जाने वाली एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) पाइपलाइन के लिए PNGRB से मंजूरी मिल गई। इसके अलावा कंपनी ने मंगलुरु, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के नए टर्मिनलों और डिपो से प्रोडक्ट लोडिंग भी शुरू कर दी है। जून तिमाही में कंपनी ने ग्रीन फ्यूल में भी बड़ी उपलब्धि हासिल की। कंपनी को अप्रैल में ISCC CORSIA सर्टिफिकेशन मिला, जिसके बाद यह इस्तेमाल हो चुके कुकिंग ऑयल (UCO) से सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) बना सकेगी।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल

मंगलौर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स के शेयरों ने निवेशकों की कम समय में ही ताबड़तोड़ कमाई कराई है। पिछले साल 29 अगस्त 2025 को बीएसई पर यह ₹120.35 के भाव पर था जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से 7 ही महीने में यह 78.60% उछलकर 9 मार्च 2026 को ₹214.95 के भाव पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।

Laser Power IPO Listing: ₹214 के शेयरों का धमाल, 26% प्रीमियम पर मार्केट में एंट्री

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।