Rain Industries Q2 Results: कार्बन, एडवांस्ड मटीरियल्स और सीमेंट कारोबार से जुड़ी कंपनी Rain Industries ने कैलेंडर वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही (Q2CY26) में मजबूत नतीजे पेश किए हैं। कंपनी का रेवेन्यू 17.4% बढ़कर 5,167 करोड़ रुपये रहा। वहीं, शुद्ध मुनाफा चार गुना से ज्यादा बढ़कर 341 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल की समान तिमाही में यह 83 करोड़ रुपये था।
EBITDA और मार्जिन में जोरदार सुधार
रेन इंडस्ट्रीज का EBITDA 53.2% बढ़कर 964 करोड़ रुपये रहा। EBITDA मार्जिन भी 14.3% से बढ़कर 18.7% हो गया। कंपनी ने इसका श्रेय बेहतर प्रोडक्ट मिक्स, लागत नियंत्रण, प्लांट रैशनलाइजेशन और ऑपरेशनल एफिशिएंसी को दिया है।
कार्बन और एडवांस्ड मटीरियल्स ने संभाली कमान
रेन इंडस्ट्रीज के सबसे बड़े कार्बन बिजनेस का रेवेन्यू 17.9% बढ़कर 4,021 करोड़ रुपये हो गया। इस सेगमेंट का ऑपरेटिंग प्रॉफिट 33.6% बढ़कर 773 करोड़ रुपये रहा। बेहतर रियलाइजेशन, ज्यादा कैल्सीनेशन वॉल्यूम और कच्चे माल की बेहतर सोर्सिंग से कारोबार को फायदा मिला।
एडवांस्ड मटीरियल्स कारोबार की रेवेन्यू 26.3% बढ़कर 1,198 करोड़ रुपये रही। इस सेगमेंट का ऑपरेटिंग प्रॉफिट 190.5% बढ़कर 161 करोड़ रुपये हो गया। बेहतर मांग, सही प्राइसिंग और लागत में कमी से मार्जिन मजबूत हुआ।
सीमेंट कारोबार फिर मुनाफे में
सीमेंट कारोबार का रेवेन्यू 297 करोड़ रुपये रहा जो सालाना आधार पर 8.9% कम है। दक्षिण भारत में कड़ी प्रतिस्पर्धा की वजह से बिक्री पर असर पड़ा। हालांकि, यह कारोबार फिर मुनाफे में लौट आया। तिमाही में 6 करोड़ रुपये का ऑपरेटिंग प्रॉफिट दर्ज किया गया। पिछली तिमाही में 1 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।
जून 2026 के आखिर तक रेन इंडस्ट्रीज पर करीब 10,060 करोड़ रुपये का कुल कर्ज था। वहीं, कंपनी के पास करीब 1,610 करोड़ रुपये की नकदी थी। इस तरह नेट कर्ज करीब 8,450 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का अगला बड़ा कर्ज भुगतान अक्टूबर 2028 में होना है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।