Rajnandini Fashion IPO Listing: 203 गुना भरा आईपीओ, अब ₹63 के शेयरों की फ्लैट एंट्री ने दिया शॉक

Rajnandini Fashion IPO Listing: महिलाओं के एथनिक और कैजुअल वियर तैयार कर बेचने वाली राजनंदिनी फैशन के आईपीओ को 203 गुना से अधिक सब्सक्रिप्शन मिले थे लेकिन आज 3 जून को इसकी फ्लैट एंट्री ने शॉक दे दिया। इसके आईपीओ के तहत निवेशकों को सिर्फ नए शेयर जारी हुए हैं। नई एंट्री से पहले चेक करें कंपनी की कारोबारी सेहत

अपडेटेड Jun 03, 2026 पर 10:10 AM
Rajnandini Fashion IPO Listing: राजनंदिनी फैशन का ₹18 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 26-29 मई तक खुला था। आज इसके शेयरों की लिस्टिंग हुई है।

Rajnandini Fashion IPO Listing: महिलाओं के कपड़े तैयार कर बेचने वाली राजनंदिनी फैशन के शेयरों की आज BSE SME पर फ्लैट एंट्री हुई। हालांकि इसके आईपीओ को धांसू रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 203 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹63 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹63.00 पर ही एंट्री हुई यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला। आईपीओ निवेशकों को और झटका तब लगा, जब शेयर टूट गए। लिस्टिंग के बाद शेयर हल्का ऊपर चढ़े। उछलकर यह ₹63.55 (Rajnandini Fashion Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 0.87% मुनाफे में हैं।

Rajnandini Fashion IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च

राजनंदिनी फैशन का ₹18 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 26-29 मई तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 203.74 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 122.04 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 393.63 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 168.63 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 28.90 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹1.35 करोड़ नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी लगाने, ₹5.50 करोड़ कर्ज हल्का करने और ₹7.00 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।


Rajnandini Fashion के बारे में

वर्ष 2010 में बनी राजनंदिनी फैशन महिलाओं के लिए एथनिक और कैजुअल वियर तैयार कर बेचती है। इसकी बिक्री ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों चैनल्स से होती है। इसके एथनिक वियर में साड़ी, कुर्ती, कुर्ता सेट और बिना सिले हुए कपड़े हैं तो कैजुअल वियर में टॉप्स, ट्यूनिक्स, ड्रेसेज और मैटर्निटी गाउन्स हैं। ये कपड़े कॉटन, रेयॉन, सिल्क और पॉली-कॉटन के होते हैं। यह बी2सी और बी2बी सेगमेंट में काम करती है। इसके प्रोडक्ट्स की बिक्री चार ब्रांड्स-Merira, Monira, Roly Poly, और Rajnandini के नाम से होती है और इनकी कीमत ₹250-₹2,000 के बीच है।

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹37 लाख का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹2.29 करोड़ और फिर वित्त वर्ष 2025 में ₹5.06 करोड़ पर पहुंच गया। हालांकि इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम में उठा-पटक दिखी और वित्त वर्ष 2023 में ₹28.02 करोड़ और वित्त वर्ष 2024 में ₹23.60 करोड़ से यह वित्त वर्ष 2025 में ₹31.27 करोड़ पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो अप्रैल-दिसंबर 2025 में कंपनी को ₹5.14 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹31.22 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हो चुका है। दिसंबर 2025 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹13.96 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹6.94 करोड़ पड़े थे।

पैसे कर लें तैयार, आ रहा है आपकी चहेती कंपनी का मेगा IPO! सेबी से मिली हरी झंडी

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।