Rakesh Jhunjhunwala को आज इन 2 शेयरों में हुआ ₹840 करोड़ का नुकसान, क्या आपने भी इसे खरीदा था?

बिग बुल राकेश झुनझुनवाला को शुक्रवार के शुरुआती कारोबार में अपने दो पसंदीदा शेयरों में करीब 840 करोड़ रुपये का नुकसान सहना पड़ा, इनमें से एक शेयर टाटा ग्रुप का है

अपडेटेड Jun 17, 2022 पर 3:00 PM
Story continues below Advertisement
टाइटन और स्टार हेल्थ में गिरावट से शुक्रवार को राकेश झुनझुनवाला की नेट वर्थ घटी

भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को लगातार छठे दिन बिकवाली का दबाब देखा जा रहा है। शुरुआती कारोबार में बाजार में थोड़ी बढ़त दिखी लेकिन बाद में इनमें करीब आधा फीसदी की गिरावट आ गई। शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला (Rakesh Jhunjhunwala) को इस उतार-चढ़ाव के बीच शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में अपने दो पसंदीदा शेयरों में करीब 842 करोड़ का नुकसान उठाना पड़ा। ये दोनों शेयर हैं- टाइटन (Titan) और स्टार हेल्थ अलायड इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (Star Health & Allied Insurance Company)।

Titan कंपनी के शेयर शुक्रवार को गिरावट के साथ खुले और सुबह 9:30 बजे यह 1,997 रुपये के स्तर पर आ गया था। इस तरह कल के बंद भाव 2060.95 रुपये से इसमें करीब 63.95 रुपये की गिरावट आई। पिछले तीन महीनों में टाइटन के शेयरों में करीब 28.32 फीसदी की गिरावट आ चुकी है, जबकि इस दौरान सेंसेक्स में करीब 11.26 फीसदी की गिरावट आई है। डेली चार्ट पर यह शेयर अपने 50 दिनों, 100 दिनों और 200 दिनों के सिंपल मूविंग एवरेज (SMA) से नीचे कारोबार कर रहा है, जो क्रमश: 2262.02 रुपये, 2378.18 रुपये और 2360.81 रुपये है।

31 मार्च तक की शेयरहोल्डिंग के मुताबिक, Rakesh Jhunjhunwala के पास टाइटन कंपनी के 3,53,10,395 शेयर और उनकी पत्नी रेखा झुनझुनवाला के पास 95,40,575 शेयर हैं। इस दौरान झुनझुनवाला दंपत्ति के पास टाइटन के कुल 4,48,50,970 शेयर है। शुक्रवार को शेयर बाजार खुलने के 15 मिनट के अंदर टाइटन के प्रति शेयर की कीमत में 63.95 रुपये की गिरावट आई। इस तरह राकेश झुनझुनवाला के कुल नेटवर्थ में आज शुरुआती कारोबार में करीब 287 करोड़ रुपये (63.95 x 4,48,50,970) की कमी आई।


यह भी पढ़ें- गिरते बाजार में भी छप्पर फाड़ कमाई के लिए LKP सिक्योरिटीज के कुणाल शाह के सुझाए इन शेयरों पर रहे नजर

इसी तरह स्टार हेल्थ के शेयर भी आज गिरावट के साथ खुले और सुबह 9:30 बजे वह कल के बंद भाव से 55.10 रुपये गिरकर 609.05 रुपये प्रति शेयर के भाव पर आ गए थे। स्टार हेल्थ के शेयरों में साल 2022 में अब तक करीब 17 फीसदी की गिरावट आ चुकी है।

Rakesh Jhunjhunwala के पास स्टार हेल्थ के कुल 10,07,53,935 शेयर है। अगर प्रत्येक शेयर में शुरुआती कारोबार में आई 55.10 रुपये की गिरावट को जोड़ा जाए, तो पता चलता है कि शुरुआती कारोबार में झुनझुनवाला के निवेश की कुल वैल्यू करीब 555 करोड़ रुपये (55.10 रुपये x 10,07,53,935) घट गई है।

ICICI Direct ने स्टार हेल्थ को दी है BUY रेटिंग

ICICI Direct के एनालिस्ट्स ने राकेश झुनझुनवाला के निवेश वाले शेयर स्टार हेल्थ को 'BUY' रेटिंग दी है और इसके लिए 825 रुपये का टारगेट प्राइस रखा है। यह स्टार हेल्थ के मौजूदा बाजार भाव से करीब 20 फीसदी अधिक है। एनालिस्ट्स को उम्मीद है कि रिटेल हेल्थ सेगमेंट में स्टार हेल्थ अपनी मार्केट लीडरशिप बरकरार रखेगी और इसके पास लंबी अवधि तक ग्रोथ के मौके बने रहेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।