KYC Updation Frauds: देश में जब से डिजिटल का दौर शुरू हुआ है तब से साइबर ठगी का भी खतरा बढ़ गया है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सोमवार को लोगों को KYC अपडेशन (KYC updation) के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी के प्रति आगाह किया।
आरबीआई ने एक बयान में कहा कि उसे केवाईसी अपडेशन के नाम पर ग्राहकों द्वारा लगातार डिजिटल धोखाधड़ी के शिकार होने की शिकायतें मिल रही हैं। केंद्रीय बैंक ने कहा कि साइबर जालसाजों द्वारा KYC अपडेशन के नाम पर ग्राहकों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है।
RBI ने कहा कि अगर ग्राहकों को अकाउंट लॉगिन, व्यक्तिगत जानकारी, केवाईसी दस्तावेज की कॉपी आदि शेयर करने के लिए कोई फोन आता है, तो उन्हें सबसे पहले अपने बैंक या स्थानीय ब्रांच से संपर्क कर कंफर्म करना चाहिए।
केंद्रीय बैंक ने कहा कि ऐसे मामलों में सामान्य तौर पर ग्राहक के पास कुछ व्यक्तिगत डिटेल्स, अकाउंट लॉगिन या डिटेल्स, डेबिट या क्रेडिट कार्ड की जानकारी, पिन आदि शेयर करने के लिए कॉल और SMS आते रहते हैं, जिससे सभी को सावधान रहना चाहिए।
RBI ने कहा कि कई बार साइबर जालशाजों द्वारा ओटीपी भी मांगा जाता है। उनके द्वारा केवाईसी अपडेशन के लिए कुछ फर्जी एप्लिकेशन को इंस्टॉल करने के लिए भी कहा जाता है।
इस तरह के ग्राहकों को अकाउंट फ्रीज या ब्लॉक और बंद करने की धमकी भी दी जाती है। केंद्रीय बैंक ने कहा कि एक बार जब कोई ग्राहक कॉल या मैसेज को सहीं मानकर निजी जानकारियां शेयर कर देते हैं तो जालसाज ग्राहक के अकाउंट से सारा पैसा उड़ा लेते हैं, जिससे सावधान रहने की जरूरत है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
