RBI MPC Meet 2025 Highlights: रेपो रेट 0.25% घटी, RBI ने FY26 के लिए GDP ग्रोथ अनुमान बढ़ाया; महंगाई का अनुमान घटाया - rbi mpc meeting 2025 live updates rbi monetary policy committee announce rbi governor sanjay malhotra repo rates home loan interest rate | Moneycontrol Hindi

लाइव ब्लॉग

DECEMBER 05, 2025/ 11:15 AM

RBI MPC Meet 2025 Highlights: रेपो रेट 0.25% घटी, RBI ने FY26 के लिए GDP ग्रोथ अनुमान बढ़ाया; महंगाई का अनुमान घटाया

RBI MPC Meet 2025 Highlights: मौद्रिक नीति समिति की मीटिंग हर 2 महीने पर होती है। इस बार की मॉनेटरी पॉलिसी मीटिंग खुदरा महंगाई में लगातार नरमी, GDP की उच्च वृद्धि दर, डॉलर के मुकाबले रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर तक जाने और वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव के बीच हुई है

Story continues below Advertisement

RBI MPC Meet 2025 Live: भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (Monetary Policy Committee) ने रेपो रेट में कटौती कर दी है। यह 0.25 प्रतिशत की है, जिसके बाद रेपो रेट घटकर 5.25 प्रतिशत रह गई है। मजबूत आर्थिक वृद्धि और महंगाई में नरमी के बीच RBI ने नीतिगत दर में यह कटौती की है। RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने समिति के फैसलों की जानकारी दी।

इसके साथ ही RBI ने चालू वित्त वर्ष 2026 के

RBI MPC Meet Live: भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति ने आम सहमति से रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कमी का फैसला किया।
DECEMBER 05, 202511:09 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: RBI की पॉलिसी ग्रोथ-सपोर्टिव और मार्केट-फ्रेंडली- कोटक MF

कोटक म्यूचुअल फंड में फिक्स्ड इनकम के हेड अभिषेक बिसेन ने RBI के हालिया पॉलिसी उपायों को निर्णायक और ग्रोथ-ओरिएंटेड बताया है। बिसेन ने कहा कि केंद्रीय बैंक ने गिरती महंगाई से बने पॉलिसी स्पेस का इस्तेमाल रेपो रेट कम करने और ग्रोथ को सपोर्ट करने के लिए किया। MPC का फैसला सर्वसम्मत था, जिसमें न्यूट्रल रुख बरकरार रखा गया। बिसेन को उम्मीद है कि इस पॉलिसी एक्शन के बाद RBI लंबे समय तक कोई बदलाव नहीं करेगा।

DECEMBER 05, 202511:09 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: रेट कट से रियल एस्टेट के लिए स्थिरता और अफोर्डेबिलिटी मजबूत हुई

हीरो रियल्टी के CEO रोहित किशोर ने रेपो रेट में कटौती को रियल एस्टेट सेक्टर के लिए एक स्थिर और भरोसा दिलाने वाला कदम बताया है। उन्होंने कहा कि उधारी की स्थिर लागत से घर खरीदारों और डेवलपर्स दोनों को फायदा होता है। खरीदारों के लिए रेट कट का मतलब है कि EMI कम रहेगी और होम लोन का उनकी पहुंच में आना ज्यादा आसान बनेगा। इससे ज्यादा लोग घर खरीदने के लिए प्रोत्साहित होंगे। डेवलपर्स के लिए स्थिर ब्याज दरें, लागत को मैनेज करने और प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा करने में मदद करेंगी। पॉलिसी में निरंतरता से मार्केट का भरोसा बढ़ेगा, घरों और ऑफिस स्पेस की मांग बनी रहेगी।

DECEMBER 05, 202511:05 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: रेट कट से टियर 2 और टियर 3 शहरों में बढ़ेगी घरों की डिमांड

मंगलम ग्रुप की डायरेक्टर अमृता गुप्ता का कहना है कि रेपो रेट में कटौती टियर 2 और टियर 3 शहरों में हाउसिंग डिमांड को काफी सपोर्ट करेगी। इन जगहों पर घर खरीदने के फैसलों में अफोर्डेबिलिटी एक अहम भूमिका निभाती है और होमबायर्स EMI में बदलाव को लेकर बहुत ज्यादा सेंसिटिव होते हैं। उधार लेने की लागत कम होने से एंड-यूजर्स में कॉन्फिडेंस बढ़ने और लंबे समय से घर खरीदने की सोच रहे परिवारों के लिए फैसला लेने में तेजी आने की संभावना है।

DECEMBER 05, 202511:00 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: इंडस्ट्रियल क्रेडिट ग्रोथ भी मजबूत- संजय मल्होत्रा

RBI गवर्नर ने कहा है कि इंडस्ट्रियल क्रेडिट ग्रोथ भी मजबूत हुई है। बड़ी इंडस्ट्रीज़ में भी क्रेडिट ग्रोथ दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि पहले के रेट कट का असर सभी सेक्टरों में बड़े पैमाने पर हुआ है। साल 2025 में रेपो रेट में अब तक कुल 1.25 प्रतिशत की कटौती की जा चुकी है। इससे पहले, केंद्रीय बैंक ने इस साल फरवरी से जून तक रेपो रेट में कुल 1 प्रतिशत की कटौती की थी।

DECEMBER 05, 202510:54 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: रेट कट के बाद शेयर बाजार में तेजी

RBI की ओर से रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती किए जाने के बाद शेयर बाजार में तेजी है। सुबह 11 बजे के ​करीब BSE 311.74 अंकों की बढ़त के साथ 85,577.06 पर है। सुबह यह गिरावट में खुला था। एनएसई भी 90.70 अंकों की बढ़त के साथ 26,124.45 पर है। NSE के सेक्टोरल इंडेक्सेज में गिरावट और तेजी का मिलाजुला रुख है।

DECEMBER 05, 202510:44 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: 1 लाख करोड़ रुपये के बॉन्ड की खरीद-बिक्री करेगा RBI- संजय मल्होत्रा

RBI गवर्नर ने कहा कि केंद्रीय बैंक कैश मैनेजमेंट के लिए 1 लाख करोड़ रुपये के बॉन्ड की खरीद-बिक्री करेगा। उन्होंने बैंक, एनबीएफसी से अपनी पॉलिसी और संचालन के केंद्र में ग्राहकों को रखने का भी निर्देश दिया। साथ ही कहा कि स्थिरता सुनिश्चित करते हुए अर्थव्यवस्था की उत्पादक जरूरतों को हम सक्रिय तरीके से पूरा करना जारी रखेंगे।

DECEMBER 05, 202510:34 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: रेट कट का लॉन्ग टर्म रेट्स पर पड़ेगा सकारात्मक असर- संजय मल्होत्रा

RBI गवर्नर ने कहा कि रिजर्व बैंक, बैंकों में पर्याप्त टिकाऊ नकदी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेपो रेट में बदलाव का विभिन्न लॉन्ग टर्म रेट्स पर सकारात्मक असर पड़ेगा। केंद्रीय बैंक आर्थिक स्थिति के हिसाब से नीतिगत दर में एडजस्टमेंट को लेकर लचीला बना रहेगा।

DECEMBER 05, 202510:31 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: FY26 में नरम रहेगा CAD- संजय मल्होत्रा

संजय मल्होत्रा ने कहा है कि चालू वित्त वर्ष 2025-26 में चालू खाते का घाटा (CAD) नरम रहेगा। सितंबर 2025 तिमाही में भारत का CAD कम होकर 12.3 अरब डॉलर या GDP का 1.3 प्रतिशत रह गया। यह एक साल पहले 20.8 अरब डॉलर या GDP का 2.2 प्रतिशत था। अप्रैल-सितंबर 2025 छमाही में CAD कम होकर 15 अरब डॉलर या GDP का 0.8 प्रतिशत रह गया।

DECEMBER 05, 202510:27 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों में सुधार जारी, सर्विसेज में स्थिर वृद्धि- संजय मल्होत्रा

RBI गवर्नर ने कहा कि कोर और ग्रॉस महंगाई दोनों पर संतुलन आर्थिक वृद्धि के लिए नीतिगत गुंजाइश प्रदान करता रहेगा। मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों में सुधार जारी है। साथ ही सर्विस सेक्टर में भी स्थिर वृद्धि देखी जा रही है। भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 686 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। यह 11 महीने के आयात के लिए पर्याप्त है।

DECEMBER 05, 202510:24 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: खुदरा महंगाई का अनुमान घटाया

RBI ने वित्त वर्ष 2026 के दौरान खुदरा महंगाई अब 2% रहने की उम्मीद जताई है। पहले यह एस्टिमेट 2.6% का था। खुदरा महंगाई के अनुमान को अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही के लिए 1.8% से घटाकर 0.6%, जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के 4% से घटाकर 2.9% और अप्रैल-जून 2026 तिमाही के लिए 4.5% से घटाकर 3.9% कर दिया गया है। जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान खुदरा महंगाई 4% रहने का एस्टिमेट दिया गया है।

DECEMBER 05, 202510:19 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: GDP ग्रोथ रेट के अनुमान

RBI ने वित्त वर्ष 2026 के लिए GDP ग्रोथ रेट 7.3% रहने का अनुमान जताया है। पहले यह अनुमान 6.8% का था। अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में ग्रोथ रेट 7% और जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में 6.5% रहने की बात कही गई है। वहीं अप्रैल-जून 2026 तिमाही में ग्रोथ रेट 6.7% और जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान 6.8% रहने का अनुमान जताया गया है।

DECEMBER 05, 202510:15 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: तीसरी तिमाही में आर्थिक गतिविधियों में तेजी के संकेत: संजय मल्होत्रा

RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि महत्वपूर्ण आंकड़े चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में आर्थिक गतिविधियों में तेजी के संकेत दे रहे हैं। कृषि में बेहतर संभावनाएं, GST को तर्कसंगत बनाने के कदम, कंपनियों के बेहतर बही-खाते जैसे फैक्टर आर्थिक गतिविधियों को सपोर्ट देते रहेंगे।

DECEMBER 05, 202510:14 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: मजबूत ग्रोथ और महंगाई में नरमी से बनी कटौती की गुंजाइश: संजय मल्होत्रा

RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि मजबूत वृद्धि और महंगाई में नरमी से नीतिगत ब्याज दर में कटौती की गुंजाइश बनी है। भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति ने आम सहमति से रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कमी का फैसला किया।

DECEMBER 05, 202510:07 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: रेपो रेट में 0.25% की कटौती

भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति ने रेपो रेट में कटौती का तोहफा दे दिया है। दिसंबर की मीटिंग में इसमें 0.25 प्रतिशत की कमी का फैसला किया गया। इसके बाद रेपो रेट कम होकर 5.25 प्रतिशत पर आ गई है। इससे बैंकों के लिए कर्ज लेना सस्ता हो जाएगा। MPC ने रुख न्यूट्रल रखा है।

DECEMBER 05, 20259:59 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: कुछ ही वक्त में रेपो रेट पर संजय मल्होत्रा बताएंगे फैसला

अब से कुछ ही देर में रेपो रेट पर भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति का फैसला सामने आएगा। RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा इस बारे में 10 बजे जानकारी देंगे। बाद में दोपहर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की जाएगी। इस कॉन्फ्रेंस में मौद्रिक नीति समिति के फैसलों पर डिटेल में जानकारी सामने आएगी। साथ ही सवालों के जवाब भी दिए जाएंगे।

DECEMBER 05, 20259:49 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: GDP पर फिक्की का अनुमान

उद्योग निकाय फिक्की के नए अध्यक्ष अनंत गोयनका का मानना है कि भारत लगातार ग्रोथ के लिए अच्छी स्थिति में है। मजबूत ब्रॉड फंडामेंटल फैक्टर्स और जारी सुधारों के दम पर चालू वित्त वर्ष 2025-26 में GDP के 7 प्रतिशत से अधिक की दर से बढ़ने का अनुमान है। गोयनका के मुताबिक, घरेलू मांग को बढ़ावा देने के लिए उठाए गए कदमों जैसे कि जीएसटी दर में कटौती के परिणाम सामने आए हैं।

DECEMBER 05, 20259:45 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: रेपो रेट घटने पर सस्ते हो सकते हैं लोन

अगर RBI रेपो रेट में कटौती करता है तो लोन की EMI घट सकती है। रेपो रेट वह रेट है जिस पर बैंक, RBI से कर्ज लेते हैं। खुद के लिए कर्ज सस्ता होने का फायदा वह ग्राहकों तक भी पहुंचाते हैं। वहीं FD पर ब्याज दरें घट सकती हैं। इसकी वजह है कि रेपो रेट घटने से बैंकों को लिक्विडिटी बढ़ाने के लिए FD को आकर्षक बनाने की जरूरत नहीं रहती।

DECEMBER 05, 20259:33 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: क्रिसिल ने FY26 के लिए GDP ग्रोथ अनुमान बढ़ाकर 7% किया

क्रिसिल ने चालू वित्त वर्ष 2025-26 के लिए देश की GDP ग्रोथ के अनुमान को 6.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 7 प्रतिशत कर दिया है। क्रिसिल के मुख्य अर्थशास्त्री धर्मकीर्ति जोशी का कहना है कि सितंबर तिमाही में भारत की रियल GDP ग्रोथ 8.2 प्रतिशत रही। यह अनुमान से ज्यादा है। पहली छमाही में 8 प्रतिशत की ग्रोथ है। दूसरी छमाही में यह 6.1 प्रतिशत रहने की उम्मीद है।

DECEMBER 05, 20259:20 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: सितंबर तिमाही में चालू खाता घाटा

सितंबर तिमाही में भारत का चालू खाते का घाटा (CAD) कम होकर 12.3 अरब डॉलर या GDP का 1.3 प्रतिशत रह गया। CAD पिछले साल की इसी तिमाही में 20.8 अरब डॉलर या GDP का 2.2 प्रतिशत था। अप्रैल-सितंबर 2025 छमाही में CAD कम होकर 15 अरब डॉलर या GDP का 0.8 प्रतिशत रह गया। एक साल पहले यह 25.3 अरब डॉलर या GDP का 1.3 प्रतिशत था।

DECEMBER 05, 20259:08 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: अप्रैल-सितंबर छमाही में अर्थव्यवस्था की क्या रही रफ्तार

वित्त वर्ष 2025-26 की पहली छमाही अप्रैल-सितंबर में भारत की अर्थव्यवस्था 8 प्रतिशत की दर से बढ़ी है। पिछले साल की समान अवधि में ग्रोथ रेट 6.1 प्रतिशत रही थी। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय आर्थिक आंकड़ों की गणना के लिए 2022-23 को नए बेस ईयर के रूप में अपनाने की तैयारी में है। नई सीरीज के आधार पर अगली तिमाही के जीडीपी आंकड़े 27 फरवरी, 2026 को जारी किए जाएंगे।

DECEMBER 05, 20259:01 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: सितंबर तिमाही में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की ग्रोथ

आंकड़ों के मुताबिक, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर ने सितंबर 2025 ​तिमाही में 9.1 प्रतिशत की मजबूत ग्रोथ दिखाई। एक साल पहले की समान तिमाही में यह ग्रोथ 2.2 प्रतिशत की थी। सितंबर 2025 तिमाही में सर्विस सेक्टर की परफॉरमेंस भी काफी अच्छी रही। बैंकिंग, रियल एस्टेट और अन्य सर्विसेज में 10.2 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

DECEMBER 05, 20258:42 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: सितंबर तिमाही में 8.2 प्रतिशत रही GDP ग्रोथ रेट

देश की अर्थव्यवस्था जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में 8.2 प्रतिशत की दर से बढ़ी। यह पिछले डेढ़ साल में सबसे अधिक है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय की ओर से जारी आंकड़े बताते हैं कि कृषि क्षेत्र की सुस्ती पर मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों में तेजी और सर्विस सेक्टर का मजबूत प्रदर्शन भारी पड़ा। सितंबर 2024 तिमाही में जीडीपी ग्रोथ रेट 5.6 प्रतिशत रही थी।

DECEMBER 05, 20258:29 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: खुदरा महंगाई का स्तर

अक्टूबर महीने में खुदरा महंगाई एक दशक के अपने सबसे निचले स्तर 0.25 प्रतिशत पर रही। नवंबर के आंकड़े अभी जारी नहीं हुए हैं। थोक महंगाई दर -1.21 प्रतिशत पर आ गई। खुदरा महंगाई सरकार द्वारा निर्धारित 2 प्रतिशत के निचले स्तर से नीचे बनी हुई है। रिजर्व बैंक रेपो रेट पर फैसला लेने के लिए खुदरा महंगाई के आंकड़ों को ध्यान में रखता है।

DECEMBER 05, 20258:13 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: सुबह 10 बजे सामने आएंगे मीटिंग के नतीजे

मौद्रिक नीति समिति की मीटिंग के फैसले शुक्रवार को सुबह 10 बजे सामने आएंगे। इस समिति में 6 सदस्य हैं। अध्यक्ष भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा हैं। इस बार की मॉनेटरी पॉलिसी मीटिंग खुदरा महंगाई में लगातार नरमी, जीडीपी की उच्च वृद्धि दर, डॉलर के मुकाबले रुपये का भाव 90 के पार चले जाने और वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव के बीच हुई है।

DECEMBER 05, 20258:03 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: RBI गवर्नर ने पिछले महीने जताई थी रेट कट की संभावना

क्रिसिल के मुख्य अर्थशास्त्री धर्मकीर्ति जोशी के मुताबिक, अक्टूबर में खुदरा महंगाई में पर्याप्त गिरावट ने इस बैठक में रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत कटौती की गुंजाइश पैदा की है। आरबीआई गवर्नर ने भी पिछले महीने कहा था कि नीतिगत ब्याज दरों में और कटौती की संभावना बनी हुई है।

DECEMBER 05, 20258:02 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: अगस्त और अक्टूबर में नहीं घटी थी रेपो रेट

बैंक ऑफ बड़ौदा की अर्थशास्त्री अदिति गुप्ता का कहना है कि मौद्रिक नीति समिति रेपो रेट को संभवतः 5.5 प्रतिशत पर जस का तस रखेगी। रुख न्यूट्रल रहेगा। अगस्त और अक्टूबर की मीटिंग में भी रेपो रेट को 5.5 प्रतिशत पर स्थिर रखा गया था। आखिरी बार कटौती जून 2025 में हुई थी।

DECEMBER 05, 20257:28 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: कुछ एक्सपर्ट्स का रेपो रेट जस की तस रहने का अनुमान

RBI गवर्नर ने पिछले महीने कहा था कि नीतिगत ब्याज दरों में और कटौती की गुंजाइश है। हालांकि कुछ विशेषज्ञों का मानना ​​है कि रिजर्व बैंक दिसंबर की मीटिंग में रेपो रेट को जस का तस छोड़ सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि आर्थिक वृद्धि में तेजी आई है। ऐसे में हो सकता है कि रेपो रेट में कटौती के लिए इंतजार करना पड़े।

DECEMBER 05, 20257:14 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live: फरवरी 2025 से अब तक 1 प्रतिशत घटी रेपो रेट

खुदरा महंगाई में गिरावट के बीच आरबीआई ने फरवरी 2025 से अब तक रेपो रेट में 3 किश्तों में कुल एक प्रतिशत की कटौती की है। हालांकि पिछली दो बार से रेपो रेट को 5.5 प्रतिशत पर स्थिर रखा गया है। कई विशेषज्ञों का कहना है कि ग्रोथ रेट मजबूत बनी हुई है लेकिन खुदरा महंगाई में अच्छी गिरावट ने प्रमुख शॉर्ट टर्म लोन रेट में कटौती की अतिरिक्त गुंजाइश पैदा कर दी है।

DECEMBER 05, 20257:11 AM IST

RBI MPC Meet 2025 Live

मनीकंट्रोल के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है।